एसपी साउथ ने पुलिस लाइन का किया निरीक्षण, परेड में परखा जवानों का दम

बरेली। पुलिस लाइन में अनुशासन, प्रशिक्षण और व्यवस्थाओं की गहन पड़ताल हुई। एसपी साउथ अंशिका वर्मा ने मंगलवार परेड का निरीक्षण कर जवानों की कदमताल, टर्नआउट और अनुशासन को बारीकी से परखा। परेड के दौरान उन्होंने जवानों के प्रदर्शन का अवलोकन किया और अधिकारियों को पुलिस बल की कार्यक्षमता को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए। परेड समाप्त होने के बाद एसपी साउथ ने पुलिस लाइन परिसर का विस्तृत निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यालयों, बैरकों और अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। परिसर में साफ-सफाई, अभिलेखों के रखरखाव और उपलब्ध संसाधनों की स्थिति को देखा। निरीक्षण के दौरान जहां सुधार की जरूरत महसूस हुई, वहां संबंधित अधिकारियों को तत्काल व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि पुलिस लाइंस की व्यवस्थाएं ऐसी हों, जिससे जवानों को बेहतर कार्य वातावरण मिल सके। निरीक्षण के दौरान प्रशिक्षण पूरा कर रहे प्रशिक्षु मुख्य आरक्षी बैच से भी एसपी दक्षिणी ने बातचीत की। उन्होंने प्रशिक्षण के अनुभव, सीख और व्यवहारिक चुनौतियों के बारे में जानकारी ली। निरीक्षण के बाद एसपी साउथ अंशिका वर्मा ने अर्दली रूम आयोजित किया। यहां अधीनस्थ अधिकारियों और कर्मचारियों ने अपने लंबित मामलों और समस्याओं को रखा। एसपी ने एक-एक मामले की जानकारी लेकर संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *