आजम खान के करीबी पूर्व सीओ आले हसन के खिलाफ लुक आउट नोटिस जारी

रामपुर- सपा सांसद आजम खान के करीबी पूर्व पुलिस सीओ आले हसन के खिलाफ रामपुर पुलिस ने लुक आउट नोटिस जारी कर दिया है। बता दें कि आजम खान के साथ पूर्व पुलिस अधिकारी आले हसन के खिलाफ किसानों की जमीन कब्जाने के आरोप में 27 मुकदमे दर्ज हो चुके हैं। इसके अलावा आले हसन के खिलाफ तीन अन्य केस भी गंज थाने में दर्ज हैं। पुलिस आले हसन की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं लग पाया है। पुलिस को आले हसन के विदेश भागने की सूचना भी मिली थी। इसलिए उनके खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी कर दिया गया है।उल्लेखनीय है कि रामपुर जिले के अजीमनगर थाने में किसानों ने जमीन कब्जाकर जौहर यूनिवर्सिटी में शामिल करने का आरोप लगाते हुए सपा सांसद आजम खान के साथ रिटायर्ड पुलिस सीओ आले हसन के खिलाफ 27 मुकदमे दर्ज कराए हैं। किसानों का आरोप है कि सपा सरकार में आजम खान के इशारे पर तत्कालीन सीओ आले हसन ने उन्हें जबरन डरा-धमकाकर जमीन पर कब्जा करवा दिया था। इसके अलावा आले हसन पर गंज थाना क्षेत्र के डूंगरपुर में लोगों के घर पर गैरकानूनी तरीके बुल्डोजर चलवाने और लूटपाट के तीन मुकदमे भी दर्ज हैं। इस तरह उनके खिलाफ रामपुर में कुल 30 मुकदमे दर्ज हैं।एसपी डॉ. अजय पाल शर्मा ने बताया कि पुलिस लंबे समय से पूर्व सीओ आले हसन की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है, लेकिन अब तक उनका कोई सुराग नहीं मिल पाया है। पुलिस को आले हसन के विदेश भागने की भी सूचना मिली थी। इसलिए उनके खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी कर दिया गया है। जल्द ही वह सलाखों के पीछे होंगे।
यहां बता दें कि आले हसन लंबे समय तक पुलिस अधिकारी के रूप में रामपुर में तैनात रहे थे। वह रामपुर में दरोगा के पद पर तैनात हुए थे। इसके बाद लंबे समय तक सीओ के पद पर भी तैनात रहे। पुलिस सेवा से रिटायर होने और आजम खान का करीबी होने के कारण आले हसन को जौहर विश्वविद्यालय में सुरक्षा अधिकारी के पद पर तैनात कर दिया गया था।

– तसलीम बेनकाब

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

किसी भी समाचार से संपादक का सहमत होना आवश्यक नहीं है।समाचार का पूर्ण उत्तरदायित्व लेखक का ही होगा। विवाद की स्थिति में न्याय क्षेत्र बरेली होगा।