बहन की शादी मे जा रहे चचेरे-तहेरे भाइयों की मौत, मातम मे बदली खुशियां

बरेली। जनपद के थाना भोजीपुरा क्षेत्र मे बहन की शादी मे दोस्त के साथ जा रहे चचेरे-तहेरे भाइयों की बाइक अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। इससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। अस्पताल ले जाते वक्त दोनों की मौत हो गई। इससे शादी के घर मे मातम छा गया। जानकारी के अनुसार थाना भोजीपुरा क्षेत्र के गांव जटौआ निवासी साहिल पुत्र अकील अहमद (20) और उसका चचेरा भाई बिलाल पुत्र गुड्डू (14) धौराटांडा से अटामांडा रोड स्थित मिलक इमाम नगर के एक बरातघर मे जा रहे थे। इस बरातघर मे बिलाल की तहेरी बहन की बरात आई थी। बाइक साहिल चला रहा था। शनिवार रात 10 बजे समसपुर व मिलक इमाम नगर (गौटिया) के बीच बाइक अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। इस घटना में दोनों भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची धौराटांडा चौकी पुलिस व परिजन गंभीर हालत दोनों को बरेली के निजी अस्पताल ले गए। हालांकि, दोनों की रास्ते मे ही मौत हो गई। रात 11 बजे परिजन दोनों के शव लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। वहां शव मोर्चरी मे रखवा दिया गया। पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा भरकर शवों को पोस्टमार्टम को भेज दिया। शादी के माहौल में एक ही कुनबे के दो लड़कों की मौत ने परिवार को झकझोर दिया। रात में बरातघर में हंसी-ठिठोली के बीच बिलाल की तहेरी बहन के निकाह की रस्म पूरी की जा रही थी। जब यह सूचना मिली तो आधे से ज्यादा बराती घटनास्थल और फिर अस्पताल की ओर दौड़ पड़े। गांव के प्रधान ताज मोहम्मद अंसारी ने बताया कि इस बरात के अलावा रविवार को बिलाल के तहेरे भाई शहरोज की बरात जानी थी। परिवार में लगातार दो शादियां होने की वजह से दूरदराज से भी मेहमान आए हुए हैं। पलभर में हंसी का माहौल गम में बदल गया।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

किसी भी समाचार से संपादक का सहमत होना आवश्यक नहीं है।समाचार का पूर्ण उत्तरदायित्व लेखक का ही होगा। विवाद की स्थिति में न्याय क्षेत्र बरेली होगा।