अवैध रूप से रह रहे परिवारों को बेदखल करने के लिए डूडा ने पुलिस फोर्स के साथ की छापेमारी

आजमगढ़- चकगोरिया स्थित कांशीराम कालोनी में अवैध रूप से रह रहे परिवारों को बेदखल करने के लिए रविवार को नगरीय विकास अभिकरण (डूडा)ने पुलिस फोर्स के साथ छापेमारी की। इस दौरान कालोनी के 86 आवास में अवैध रूप से रह रहे परिवारों को बाहर कर खाली कराया गया। इसके साथ ही एक वर्ष से दौड़ रहे पात्र 18 आवंटियों को खाली हुए आवास में कब्जा दिलाया गया। छापेमारी की कार्रवाई से शहर के अन्य कांशीराम कालोनी में रह रहे अवैध कब्जेदारों में हड़कंप मचा रहा। कांशीराम कालोनी में आवासों पर वर्षों से अवैध रूप से कब्जा किए जाने की शिकायत मिलती आ रही है। इस पर जिलाधिकारी के आदेश पर डूडा विभाग ने कांशीराम कालोनी का सत्यापन कराया। सत्यापान के दौरान चकगोरिया कांशीराम कालोनी सहित अन्य कालोनी में अवैध रुप से कब्जाधारियों को चिन्हित किया गया। इसी क्रम में रविवार को सुबह लगभग 10 बजे एसडीएम प्रशांत कुमार नायक, सीओ सिटी इलामारन जी, डूडा के परियोजना अधिकारी अरविंद कुमार पांडेय पुलिस फोर्स के साथ चकगोरिया कालोनी में आकस्मिक छापा मारा। कालोनी में बने 204 आवासों में रह रहे परिवारों के आवंटन पत्रों की जांच पड़ताल की गई। अवैध कब्जाधारियों को एक-एक कर आवास बाहर किया गया। सुबह 10 बजे से शाम पांच बजे तक चली कार्रवाई के दौरान 86 आवास खाली कराए गए। खाली कराए गए आवासों को सीज कर दिया गया। इसके अलावा वर्ष 2018 से आवास आवंटन के बाद भी आवास पर कब्जा न मिल पाने पर 18 पात्र पारिवारों को कब्जा दिलाया गया। अवैध रूप से कब्जा कर रहे रहे परिवारों को बेदखल किए जाने की कार्रवाई की खबर मिलने पर डीएवी स्थित कांशीराम कालोनी, जाफरपुर कालोनी में भी अवैध कब्जाधारियों में हड़कंप मचा रहा।

रिपोर्टर:-राकेश वर्मा आजमगढ़

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

किसी भी समाचार से संपादक का सहमत होना आवश्यक नहीं है।समाचार का पूर्ण उत्तरदायित्व लेखक का ही होगा। विवाद की स्थिति में न्याय क्षेत्र बरेली होगा।