अधिकारियों के समय से न पहुंचने पर भड़की उपाध्यक्ष सोनम किन्नर, डीएम से भी जताई नाराजगी

बरेली। बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार मे आयोजित बैठक मे समिति के सदस्यों के न पहुंचने पर उत्तर प्रदेश किन्नर कल्याण बोर्ड की उपाध्यक्ष सोनम किन्नर भड़क गई। इस दौरान डीएम भी देरी से पहुंचे तो डीएम से भी नाराजगी जताते हुए कहा कि मैं किन्नर समाज से हूं इसलिए मेरा कोई सम्मान नही है। मुझे प्रोटोकॉल नही दिया गया। मुझे दर्जा राज्यमंत्री का अधिकार प्राप्त है। यहां मै आधे घंटे से बैठी हूं और न आप समय पर आए और न ही एसएसपी। इसके साथ ही उपाध्यक्ष सोनम किन्नर नाराजगी मे बोलते हुए कहा कि मै बाबा जी से शिकायत करूंगी। मुझे कोई बैठक नही करनी है। जिसके बाद किसी तरह उपाध्यक्ष को मनाया गया। वही डीएम ने फोन कर एसएसपी को भी वहां बुलाया। इसके बाद उपाध्यक्ष सोनम ने प्रेस वार्ता शुरू की। इस बीच एसएसपी भी मीटिंग मे पहुंच गए। मीटिंग के दौरान उपाध्यक्ष ने कहा कि किन्नरों के उत्थान के लिए इस बोर्ड का गठन हुआ है। अब बरेली के सभी किन्नरों का ट्रांसजेंडर आईकार्ड बनेगा। वही उनकी पहचान होगी। किन्नरों के उत्थान के लिए बजट मे 208 करोड़ रुपए के प्रस्ताव दिए है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि जबरदस्ती किन्नर बनाए जाने की किसी भी घटना का तत्काल संज्ञान लिया जाए। बैठक मे जिलाधिकारी शिवाकान्त द्विवेदी ने जिला समाज कल्याण अधिकारी से कहा कि उभयलिंगी व्यक्तियों के अधिकारों एवं हितों की रक्षा के लिए शासन से निर्गत दिशा निर्देशों के आधार पर कार्ययोजना तैयार कर ली जाए। बैठक मे वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रोहित सिंह सजवाण, एएसपी, सिटी रवींद्र सिंह, जिला समाज कल्याण अधिकारी सुश्री मीनाक्षी वर्मा, जिला प्रोबेशन अधिकारी नीता अहिरवार, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी विनय कुमार सहित अन्य सम्बंधित अधिकारी उपस्थित रहे।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *