बरेली/मीरानपुर कटरा (शाहजहांपुर), फतेहगंज पश्चिमी। जनपद बरेली के थाना फतेहगंज पश्चिमी क्षेत्र के गांव कुरतरा निवासी विपिन भारद्वाज (32) की रविवार सुबह मीरानपुर कटरा क्षेत्र में हाईवे पर सब्जी मंडी के सामने ट्रक से कुचलकर मौत हो गई। परिजनों के अनुसार वह फरीदपुर की प्लाईवुड फैक्टरी में काम करते थे। एक जुलाई को साले रामजी भारद्वाज की शादी में शामिल होने के लिए वह पत्नी पारुल, बेटे सार्थक और विनायक के साथ ससुराल जलालाबाद के रमतला गए थे। रविवार सुबह वह बाइक से अपने घर जाने के लिए निकले थे। इसी दौरान बरेली की ओर से आए ट्रक की टक्कर लगने से वह उछलकर सड़क पर गिर गए और ट्रक का पहिया उनके ऊपर से गुजर गया। इससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में उनका हेलमेट भी चकनाचूर हो गया। व्यापारियों ने कार से पीछा कर हुलासनगरा ओवरब्रिज के पास ट्रक को रुकवाकर चालक को पकड़ लिया और पुलिस के सुपुर्द कर दिया। पुलिस ने विपिन के मोबाइल फोन से उनके परिजनों को सूचना दी। सीओ तिलहर इशिका सिंह ने बताया कि तहरीर मिलने पर ट्रक चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। शव गांव पहुंचा तो हर आंख हुई नम : फतेहगंज पश्चिमी। अतुल भारद्वाज ने बताया कि उनके भाई विपिन सरल स्वभाव के थे। गांव के लोगों को उनसे लगाव था। पोस्टमॉर्टम के बाद रविवार शाम शव घर पहुंचा तो लोगों की आंखें नम हो गई। मासूम बेटे समर्थ व विनायक की परवरिश का संकट खड़ा हो गया है। पत्नी पारुल बेहाल है।।
बरेली से कपिल यादव
