स्वच्छता को जीवन का संस्कार बनाएं, तभी बनेगा स्वस्थ समाज : डॉ. लाल बहादुर गंगवार

बरेली। सेवा संकल्प अभियान के तहत कम्पोजिट विद्यालय जोगीठेर में स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाध्यापक एवं राष्ट्रपति पुरस्कार प्राप्त शिक्षक डॉ. लाल बहादुर गंगवार ने छात्र-छात्राओं को स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए इसे जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने का संदेश दिया।

डॉ. गंगवार ने कहा कि स्वच्छता केवल घर और विद्यालय की सफाई तक सीमित नहीं है, बल्कि यह स्वस्थ जीवन और जिम्मेदार नागरिक बनने की पहली सीढ़ी है। उन्होंने विद्यार्थियों को व्यक्तिगत स्वच्छता के साथ विद्यालय परिसर, घर और आसपास के वातावरण को साफ रखने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि बच्चों में बचपन से ही स्वच्छता की आदत विकसित होने से इसका सकारात्मक प्रभाव पूरे समाज पर पड़ता है।

उन्होंने विद्यार्थियों को कूड़ा निर्धारित स्थान पर डालने, स्वच्छ पेयजल का उपयोग करने, भोजन से पहले और शौचालय के बाद हाथों को साबुन से धोने तथा अपने आसपास गंदगी न फैलाने की शपथ दिलाते हुए स्वच्छता का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने स्वच्छता को लेकर उत्साहपूर्वक सहभागिता की और विद्यालय परिसर को स्वच्छ रखने का संकल्प लिया। इस अवसर पर रमेश सागर, गीता यादव, दीपा गुप्ता, मीनू रस्तोगी, कृष्णा स्वाति, मोहन सिंह, सुधांशु कुमार, गौरव गंगवार, रूचि, रिम्पल, बेबी तवस्सुम एवं पंडित अनिल कुमार शर्मा सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *