सोशल मीडिया से प्रचार, जनसंपर्क की जानकारी भी करते है शेयर

बरेली/फतेहगंज पश्चिमी – निकाय चुनाव मे सोशल मीडिया प्रचार का एक प्रभावी माध्यम बनता जा रहा है। चुनाव चिन्ह मिलने के बाद भावी प्रत्याशियों ने फेसबुक और व्हाट्स एप पर अपनी चिह्न के साथ इमेज बनाकर डालनी शुरू कर दी है। मत देने की अपील के साथ ही चुनावी वादे भी सोशल मीडिया के माध्यम से किये जा रहे है। प्रत्याशी व उनके समर्थक, सोशल मीडिया पर ज्वलंत मुद्दों पर लोगों के लाइक व कमेंट को अपने वोट के रूप मे देख रहे है। चुनाव से पहले जहां युवाओं ने अपने डीपी किसी हीरो-हीरोइन या फिर अन्य पिक्चर लगा रखी थी। लेकिन प्रत्याशियों को चुनाव चिन्ह मिलने के बाद अब एकदम से सोशल मीडिया निकाय चुनाव के रंग में रंग गया है। भावी प्रत्याशी अपने चुनाव चिन्ह के साथ रियल फोटो खींच कर सोशल मीडिया पर डाल रहे है, ताकि प्रचार को चुनाव की तारीख आने तक तेज गति दी जा सके। मीडिया ग्रुप पर प्रत्याशी अपनी पूरे दिन भर की अपडेट डालते हैं। उसमें क्षेत्र मे जनसंपर्क की जानकारी से लेकर लोगों से किए गए वादों की भी सूची और वार्ता को लिखकर अपडेट कराते है। इसके साथ ही वाट्सएप पर कार्यकर्ताओं का अलग ग्रुप है। नगर पंचायतों मे आगामी 11 मई को मतदान होना है। चुनाव लड़ रहे अध्यक्ष और सभासद पदों के प्रत्याशियों का चुनाव प्रचार दिन बीतने के साथ ही चरम पर पहुंचता जा रहा है। मतदाताओं को रिझाने और उन्हें अपने पक्ष मे करने के लिए उम्मीदवार वोटरों को आकर्षित करने मे जुटे है। मतदाताओं की बात करें तो वे सभी उम्मीदवारों की गतिविधियों पर पैनी नजर रखकर खामोशी अख्तियार किए हुए हैं। इन सबके बीच चुनावी जंग सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफार्म फेसबुक, व्हाट्सएप तथा ट्विटर पर दमदार तरीके से लड़ी जा रही है। उम्मीदवार और उनके समर्थक अपने को जनता का सच्चा मसीहा साबित करने के लिए शब्दों का जाल बुनकर समर्थक प्रत्याशी के जीत का दावा करने के साथ उनके पक्ष में हवा बनाने की कोशिश कर रहे हैं। मतदान की तारीख नजदीक आने के साथ ही नगर पंचायतों मे राजनीतिक सरगर्मी अपने शबाब पर पहुंच चुकी है और प्रत्याशी, सारे हथकंडे अपना कर वोटरों को अपने पाले में लाने की जुगत मे लगे है।चुनाव में खड़े भावी प्रत्याशियों व उनके चेहते युवाओं के फेसबुक व व्हाट्सएप से प्रोफाइल पिक्चर भी बदल गई है। निकाय चुनाव में प्रत्याशियों ने अपना तरीका बदल दिया है। प्रत्याशियों ने अब टोली बनाकर प्रचार करना शुरू किया है। वे अपने कुनबे सहित जान पहचान के गणमान्य लोगों को साथ लेकर लोगों के घर जा रहे है। जिस व्यक्ति का मुहल्ले में जिससे संपर्क रहता है वे उनके घर जाकर वोटरों को प्रत्याशी को वोट देने के लिए राजी करते है।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *