साइबर ठगों ने रिटायर्ड बैंक मैनेजर को जाल मे फंसाया, खाते से उड़ाए 11.97 लाख

बरेली। बैंक सेवा से रिटायर मैनेजर अखिलेश माथुर साइबर ठगी का शिकार हो गए। उनके बैंक खाते से धोखाधड़ी कर 11.97 लाख रुपये निकाल लिए गए। साइबर ठग ने खुद को बैंक मुख्यालय मुंबई का ग्राहक सेवा प्रतिनिधि बताकर उनसे संपर्क किया। उसने अखिलेश माथुर को संबंधित बैंक का पेंशनभोगी क्रेडिट कार्ड देने का झांसा देकर कई बार में ये रकम निकाल ली। मामले में साइबर थाने मे मुकदमा दर्ज कराया गया है। अखिलेश ने साइबर थाना प्रभारी धनंजय पांडेय को बताया कि धोखाधड़ी करने वाले ने उन्हें भरोसे में लेकर यह सब किया। अपना नाम मोहम्मद शादाब बताकर उनसे कहा कि बैंक अपने सभी पेंशनभोगियों को यह कार्ड आजीवन बिना किसी शुल्क के दे रहा है। बातचीत के दौरान उसने अखिलेश माथुर से उनका प्रोविडेंट फंड नंबर पूछा। इस बीच उसने धोखाधड़ी करके उनके मोबाइल नंबर को बैंक खाते से जोड़ लिया। अखिलेश ने बताया कि उन्होंने अपना खाता नंबर या कोई ओटीपी साझा नही किया था। अखिलेश के मुताबिक साइबर ठग ने उनके खाते से कई धोखाधड़ी कर लेनदेन किए। कुल 11,97,818.26 रुपये की राशि निकाल ली गई। निकाले गए पैसों में 48,749.08 रुपये, 7,15,468.87 रुपये, 98,818.18 रुपये, 1,11,944.10 रुपये (दो बार) और 1,18,181.98 रुपये शामिल है।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *