बरेली। पौधरोपण अभियान-2026 के तहत वन एवं वन्यजीव प्रभाग की ओर से बरेली कॉलेज में शनिवार को एक पेड़-गुरु के नाम कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें वन एवं पर्यावरण मंत्री डॉ. अरुण कुमार सक्सेना मुख्य अतिथि रहे। कार्यक्रम में शिक्षकों, विद्यार्थियों और शहर के नागरिकों ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण और हरित उत्तर प्रदेश के निर्माण का संकल्प लिया। बरेली कॉलेज की उप प्राचार्य वंदना शर्मा ने अतिथियों का स्वागत किया और कॉलेज परिसर में का आयोजन कराने के लिए वन विभाग का आभार जताया। मुख्य वन संरक्षक पीपी सिंह ने कहा कि पौधरोपण अभियान की सफलता के लिए जनभागीदारी जरूरी है। उन्होंने लोगों से पौधे लगाने के साथ उनकी देखभाल और संरक्षण करने की भी अपील की। उन्होंने कहा कि पेड़ पर्यावरण संरक्षण के साथ औषधीय और धार्मिक दृष्टि से भी काफी महत्वपूर्ण है। वन मंत्री ने कहा कि वह स्वयं बरेली कॉलेज के पूर्व छात्र रहे हैं। जो व्यक्ति गुरुजनों और अपने माता-पिता का सम्मान नहीं करता, वह जीवन में वास्तविक सफलता हासिल नहीं कर सकता। उन्होंने लोगों से गुरुजनों और माता-पिता का सम्मान करने के साथ पर्यावरण संरक्षण की जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया। कॉलेज परिसर में करीब 50 पौधों का रोपण किया गया। साथ ही कार्यक्रम में शामिल शिक्षकों और विद्यार्थियों को भी पौधे वितरित किए गए। विभिन्न शिक्षण संस्थानों के शिक्षकों को मुख्य अतिथि की ओर से स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य वन संरक्षक पीपी सिंह, प्रभागीय वनाधिकारी दीक्षा भंडारी, उप प्राचार्य वंदना शर्मा, प्रो. डॉ. आलोक खरे, भावना सिंह, प्रवीण शर्मा, क्षेत्रीय वन अधिकारी वैभव चौधरी समेत शिक्षक, विद्यार्थी और मौजूद रहे।।
बरेली से कपिल यादव
