गुलड़िया, आंवला। आंवला विधानसभा क्षेत्र के बड़े गांव में समाजवादी पार्टी नेता पीयूष वर्मा लोधी की ओर से लोधी समाज की पीडीए पंचायत आयोजित की गई। इसमें तिलहर के पूर्व विधायक रोशनलाल वर्मा मुख्य अतिथि और सपा जिलाध्यक्ष शुभलेश यादव अध्यक्ष रहे। पंचायत में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर लोधी समाज और पीडीए के मुद्दों पर चर्चा की गई। युवा लोध नेता पीयूष वर्मा ने भाजपा सरकार पर लोधी समाज की उपेक्षा और अपमान का आरोप लगाया। उन्होंने रायबरेली में सपा विधायक राहुल लोधी से जुड़ी घटना का जिक्र करते हुए कहा कि प्रदेश मे लोधी समाज के साथ भेदभाव किया जा रहा है। उन्होंने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के कथन का हवाला देते हुए कहा कि प्रदेश का चुनाव लोधी बनाम योगी तो है ही, आंवला विधानसभा का चुनाव भी लोधी बनाम योगी होगा। उन्होंने दावा किया कि आंवला में बदलाव के लिए इस बार लोधी समाज सपा के पक्ष में मतदान करेगा। उन्होंने पीडीए यानी पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक वर्ग के अधिकारों और सामाजिक न्याय के मुद्दे भी उठाए। युवा लोध नेता पीयूष वर्मा ने कहा कि देश और प्रदेश में सामाजिक न्याय के लिए अखिलेश यादव के नेतृत्व की जरूरत है। सपा जिलाध्यक्ष शुभलेश यादव ने राम मंदिर चढ़ावा प्रकरण का मुद्दा उठाते हुए भाजपा सरकार पर निशाना साधा। मुख्य अतिथि रोशनलाल वर्मा ने कहा कि 2027 के विधानसभा चुनाव में लोधी समाज सपा के पक्ष में मतदान कर अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनाने का काम करेगा। कार्यक्रम में पूर्व विधायक पंडित आरके शर्मा, विजेंद्र सिंह यादव, कंवरपाल लोधी, बीडी वर्मा, इंद्रपाल यादव, राकेश सिंह, जीरज यादव समेत अन्य लोग मौजूद रहे।।
बरेली से कपिल यादव
