फतेहगंज पश्चिमी, बरेली। देश के प्रमुख एफएमसीजी ग्रुप बीएल एग्रो की सहायक कंपनी लीड्स जेनेटिक्स गायों की नस्ल सुधार पर एक बड़ा रिसर्च कर रही है। ब्राजील की तरह अगर भारत में भी ये शोध सफल हुआ तो देश में एक बार फिर दूध की गंगा बहेगी। इस प्रोजेक्ट के अंतर्गत गायों की ऐसी नस्ल विकसित की जा रही है, जो एक दिन में तकरीबन 40 लीटर तक दूध देगी। यूपी के बरेली में “बीएल कामधेनु फॉर्म्स” पर सोमवार को दो दिवसीय “कैटल जीनोमिक्स शिखर सम्मेलन में बीएल एग्रो के चेयरमैन डॉ. घनश्याम खंडेलवाल ने “लीड्स जेनेटिक्स” में 1500 करोड़ रुपये के निवेश की घोषणा की। निवेश का मकसद जेनेटिक्स और रि-प्रोडक्टिव टेक्नोलॉजी को इंटीग्रेटेड करते हुए 360-डिग्री सर्कुलर इकोनॉमी मॉडल विकसित करना है, जिससे देश में पशु प्रजनन और अंततः डेयरी उद्योग में सुधार लाया जा सके। इस मॉडल को महाराष्ट्र, बिहार और मध्य प्रदेश समेत अन्य राज्यों में भी लागू करने के प्रयास जारी है। कंपनी इन राज्यों में एक इंटीग्रेटेड डेयरी और जेनेटिक्स इकोसिस्टम विकसित करने के लिए निवेश करेगी। इसमें इन-हाउस इंटीग्रेटेड ब्रीड इम्प्रूवमेंट फार्म, आईवीएफ–ईटी लेबोरेटरी, मल्टिपल ओव्यूलेशन एम्ब्रियो ट्रांसफर (एमओईटी), पैथोलॉजी लेबोरेटरी और जीनोमिक्स लेबोरेटरी शामिल होंगे। इससे नस्ल सुधार से जुड़ी पूरी वैल्यू चेन को एक ही स्थान पर इंटीग्रेटेड किया जा सकेगा। यह पहल बीएल एग्रो के 360-डिग्री मिल्क वैल्यू चेन के व्यापक विजन का हिस्सा है, जिसमें जेनेटिक्स, ब्रीडिंग, पशु स्वास्थ्य, पोषण, दूध उत्पादन, प्रोसेसिंग और बाजार से जुड़ाव शामिल हैं। इसे किसानों के लिए एक्सटेंशन और आउटरीच कार्यक्रमों का भी समर्थन मिलेगा। कैबिनेट मंत्री धर्मपाल सिंह ने कहा कि कृषि तकनीक और विशेष रूप से निजी क्षेत्र के नेतृत्व में देश की प्रगति उत्साहजनक है। भारत दुनिया का सबसे बड़ा दूध उत्पादक देश है, लेकिन प्रति पशु उत्पादकता अभी भी कम है। हाई-एंड जेनेटिक्स के लिए हम अब भी आयातित जर्मप्लाज्म पर निर्भर हैं। लीड्स जेनेटिक्स देश में एलीट बुल्स, भ्रूण और सेक्स्ड सीमेन का उत्पादन कर तथा देशी नस्लों को मजबूत करते हुए आनुवंशिक आत्मनिर्भरता के निर्माण में योगदान दे रही है। दूध उत्पादन में वृद्धि से मीथेन उत्सर्जन को कम करने में भी मदद मिल सकती है। एमपी के उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ला ने कहा, “लीड्स जेनेटिक्स और बीएल एग्रो द्वारा इतने बड़े स्तर पर किया जा रहा कार्य काफी सराहनीय है। मैं इस क्षेत्र में रिसर्च और इनोवेशन को आगे बढ़ाने के लिए डॉ. घनश्याम खंडेलवाल तथा उनकी कंपनियों, बीएल एग्रो और लीड्स जेनेटिक्स के प्रयासों की हृदय से सराहना करता हूं। दो दिवसीय यह समिट किसी कॉरपोरेट द्वारा आयोजित अपनी तरह का पहला कार्यक्रम था, जिसमें जीनोमिक्स, आईवीएफ, एडवांस्ड सीक्वेंसिंग, जेनेटिक इवैल्यूएशन और डेटा-आधारित ब्रीडिंग को एक ही मंच पर प्रस्तुत किया गया। इसमें वैज्ञानिकों, पशु प्रजनकों, शोधकर्ताओं और उद्योग जगत से जुड़े स्टेकहोल्डर्स ने भाग लिया। कार्यक्रम में मध्य प्रदेश के उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ला, उत्तर प्रदेश के पशुधन मंत्री धर्मपाल सिंह और वन एवं पर्यावर मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) अरुण कुमार सक्सेना, एमएलसी कुंवर महाराज सिंह, मीरगंज विधायक डा. क डीसी वर्मा, कैंट विधायक संजीव अग्रवाल, भाजपा ब्रज क्षेत्र अध्यक्ष पूरनलाल लोधी एडवोकेट, महिला आयोग की सदस्य पुष्पा पांडे, जिला पंचायत अध्यक्ष रश्मि पटेल, मंडलायुक्त शंभू कुमार मौजूद समारोह में मौजूद रहे। ब्राजील के वैज्ञानिक डॉ. मार्कोस विनिसियस, रोबर्टो कार्लोस, भारत में तंजानिया की उच्चायुक्त भी समारोह का हिस्सा बने। सभी मेहमानों ने मंदिर में दर्शन के साथ फार्म में पौधारोपण भी किया।।
बरेली से कपिल यादव
