बरेली। पैंगबर साहब पर विवादित टिप्पणी को लेकर आईएमसी ने नूपुर शर्मा के गिरफ्तारी को लेकर इस्लामिया ग्राउंड में शांतिपूर्ण तरीके से यौम ए दुरूद के आयोजन के लिए परमिशन मांगी थी। इस पर उन्हें 15 सौ लोगों के लिए परमीशन दी गई थी लेकिन कार्यक्रम में 10 हजार से अधिक लोग पहुंच गए। इसकी जानकारी होने पर सिटी मजिस्ट्रेट की शिकायत पर पुलिस ने आईएमसी के जिलाध्यक्ष और महानगर अध्यक्ष के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। सिटी मजिस्ट्रेट राजीव पांडेय की ओर से कोतवाली मे दी गई शिकायत के अनुसार 19 जून को इस्लामिया इंटर कॉलेज के मैदान में आयोजित इत्तेहाद ए मिल्लत काउंसिल (आईएमसी) द्वारा नूपुर शर्मा की गिरफ्तारी को लेकर शांतिपूर्ण तरीके से यौम ए दुरूद के आयोजन की अनुमति मांगी गई थी। इसके बाद उन्हें विभिन्न शर्तों के साथ अनुमति प्रदान की गई थी। 1500 लोगों के शामिल होने की अनुमति प्रदान की गई थी लेकिन कार्यक्रम में 10 हजार से अधिक लोगों द्वारा प्रतिभाग किया गया। इससे जाहिर है कि आयोजकगण द्वारा धारा 144 मे दिए गए शर्तों के अधीन दी गई अनुमति का उल्लंघन किया गया। इसके चलते परमिशन लेने वाले आईएमसी के जिला अध्यक्ष मोहम्मद फरहत खान और महानगर अध्यक्ष मखदूम बेग के खिलाफ आईपीसी की धारा 188 के तहत कार्रवाई की जाए। जिसपर कोतवाली पुलिस ने सोमवार को आरोपियों के खिलाफ मुकद्दमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।।
बरेली से कपिल यादव
