बरेली/फतेहगंज पश्चिमी। सेवा संकल्प अभियान के तहत ब्लॉक क्षेत्र के परिषदीय और निजी विद्यालयों में 17 से 19 सितंबर तक चित्रकला कार्यक्रम आयोजित किए गए। मेरे सपनों का भारत थीम पर कक्षा पांच से आठ तक के विद्यार्थियों ने भारत के विकास, कृषि, अर्थव्यवस्था और उज्ज्वल भविष्य की कल्पनाओं को रंगों के जरिए कागज पर उकेरा। विद्यालयों में विद्यार्थियों के चित्रों की प्रदर्शनी लगाई गई। अभिभावकों, जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने प्रदर्शनी का अवलोकन कर बच्चों की रचनात्मक प्रतिभा की सराहना की। प्राथमिक विद्यालय बफरी अब्दुल नवीपुर मे ग्राम प्रधान सोनू राठौर ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को पुरस्कृत किया। उच्च प्राथमिक विद्यालय औंध और प्राथमिक विद्यालय ठिरिया खेतल मे भी अभिभावकों की उल्लेखनीय भागीदारी रही। विद्यालय स्तर पर प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान पाने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। खंड शिक्षा अधिकारी भानु शंकर गंगवार ने बताया कि अभियान के अगले चरण में ब्लॉक और जिला स्तर पर भी चित्रकला प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों की रचनात्मकता को मंच देने के साथ उनमें देश के विकास के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करते है।।
बरेली से कपिल यादव
