बरेली। रक्षाबंधन से पहले मिलावटी और असुरक्षित खाद्य पदार्थों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन ने अभियान तेज कर दिया है। सोमवार को एफएसडीएम की टीमों ने मिठाई की दुकानों और प्रतिष्ठानों पर छापेमारी की। खराब हालत में मिली मिठाई और पनीर नष्ट कराया गया। नमूने भी लिए गए। ग्राम नदोसी मेन रोड स्थित वीरपाल, अंकुर स्वीट्स में मिठाई निर्माण की स्थिति अस्वच्छ मिली। यहां सूजी और स्किम्ड मिल्क पाउडर से तैयार लौज, बर्फी, सोहनपापड़ी और रसगुल्ले बिक्री के लिए रखे मिले। टीम ने नमूने लेकर 140 किलो दूध की लौज और 350 किलो बर्फी, कुल 490 किलो मिठाई, नष्ट कराई गई। इसके अलावा सूफीटोला के चुन्ने एंड संस स्वीट्स और दिनेश कुमार पेठा से पेठा व बर्फी के नमूने लिए गए। पीरबहोड़ा स्थित माई च्वाइस स्वीट्स से खोया और लड्डू तथा छोटे लाल लस्सी भंडार से बर्फी का नमूना लिया गया। सहायक आयुक्त खाद्य सेकेंड राहुल सिंह ने बताया कि रक्षाबंधन को देखते हुए अभियान जारी रहेगा। 23 अगस्त की रात पकड़ा था बदबूदार पनीर : 23 अगस्त की देर रात बदायूं से बरेली आ रही वैन को पुलिस टीम के साथ रोककर करीब 275 किलो पनीर पकड़ा गया। खाद्य विभाग के अधिकारियों के मुताबिक पनीर बेहद खराब और बदबूदार हालत में था। इसका नमूना लेने के बाद बाकी 274 किलो पनीर जब्त कर नष्ट करा दिया गया। इसकी अनुमानित कीमत 65,760 रुपये बताई गई है।।
बरेली से कपिल यादव
