शाही, बरेली। जनपद के थाना शाही क्षेत्र के बीथम नौगवां गांव मे 57 साल पुराने शिव मंदिर से मूर्तियां उखाड़कर फेंकने का मामला सामने आया है। सोमवार सुबह मंदिर की सफाई करने पहुंचे पुजारी ने मूर्तियां परिसर में पड़ी मिली। इसी बीच गांव के कुछ घरों के बाहर तीन दिन पहले हुई महिला की अंत्येष्टि की अस्थियां मिलने से मामला और गंभीर हो गया। मंदिर में मूर्तियां हटाए जाने और अस्थियां घरों के बाहर मिलने की घटना से ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। सूचना पर पुलिस बल के साथ थाना अध्यक्ष मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने लिखित शिकायत देकर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। बीथम नौगवां गांव में करीब 57 साल पुराना शिव मंदिर है। मंदिर में शिवलिंग के साथ भगवान भोलेनाथ, माता पार्वती और भगवान गणेश की मूर्तियां स्थापित हैं। पुजारी लालाराम ने बताया कि वह सोमवार सुबह करीब पांच बजे मंदिर की साफ-सफाई करने पहुंचे। उन्होंने देखा कि शिव परिवार की तीनों मूर्तियां अपने स्थान से उखड़ी हुई थीं। आसपास तलाश करने पर तीनों मूर्तियां मंदिर के ही दूसरे हिस्से में पड़ी मिली। पुजारी ने इसकी जानकारी ग्रामीणों को दी। तमाम ग्रामीण मंदिर परिसर में पहुंच गए। इसी दौरान ग्रामीणों ने एक और चौंकाने वाली बात बताई। ग्रामीणों के मुताबिक तीन दिन पहले मोर सिंह की मां शांति देवी की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई थी। गांव के श्मशान स्थल पर उनकी अंत्येष्टि की गई थी। सोमवार को मोर सिंह और परिवार के लोग अस्थियां लेने श्मशान पहुंचे तो वहां अस्थियां नहीं मिली। ग्रामीणों के अनुसार नत्थू लाल और टेकचंद के घर के सामने अस्थियां पड़ी मिली। वहीं डोरीलाल के घर के बाहर खड़े ई-रिक्शा में भी अस्थियां पड़ी थी। जिससे ग्रामीणों में रोष फैल गया। ग्रामीणों की सूचना पर हल्का दरोगा मौके पर पहुंचे। आरोप है कि उन्होंने पुजारी को मामले को आगे न बढ़ाने की हिदायत दी और वहां से लौट गए। थाना अध्यक्ष को हड्डियां मिलने तक की बात नहीं बताई। इसके बाद कुछ ग्रामीणों ने थाना अध्यक्ष देवेंद्र सिंह को फोन कर हल्का दरोगा द्वारा कही गई बात और अस्थियां मिलने की जानकारी दी। ग्रामीणों के अनुसार हल्का दरोगा ने थाना अध्यक्ष को अस्थियां मिलने की जानकारी नहीं दी थी। इसके बाद थाना अध्यक्ष खुद मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से पूरे मामले की जानकारी ली। ग्रामीणों ने ग्राम प्रशासक धर्मपाल, पुजारी लालाराम, भूपराम, दिनेश चंद्र, अमित कुमार, प्रवेश, लेखराज, नंदराम, शंकर लाल, पाती राम, जगदीश, भगवान दास, सुरेंद्र सिंह, रामकिशोर, जयेंद्र पाल, प्रेमपाल, ज्ञान सिंह और गुड्डू के हस्ताक्षरयुक्त लिखित शिकायती पत्र पुलिस को दिया। ग्रामीणों ने घटना का जल्द खुलासा करने और दोषियों को पकड़कर कठोर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की।।
बरेली से कपिल यादव
