मिलावटखोरी किसी भी दशा में बर्दाश्त नही होगी: डीएम

बरेली। कलेक्ट्रेट सभागार में शुक्रवार को डीएम अविनाश सिंह की अध्यक्षता में जिला व्यापार बंधु की बैठक हुई। व्यापारियों ने खाद्य पदार्थों में मिलावट, सड़क की बदहाली, ई-रिक्शा के गलत लेन में चलने और साप्ताहिक बंदी का पालन न होने समेत कई समस्याएं उठाईं। डीएम ने अधिकारियों को समस्याओं का निस्तारण कराने के निर्देश दिए। व्यापारियों ने खाद्य पदार्थों में मिलावट का मुद्दा उठाते हुए कार्रवाई की मांग की। इस पर डीएम ने कहा कि खाद्य पदार्थों में मिलावट किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को मिलावटखोरी के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए। कुदेशिया रोड स्थित अंडरपास के एक छोर पर सड़क क्षतिग्रस्त होने और गड्ढों में पानी भरने की शिकायत भी की गई। डीएम ने पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता को क्षतिग्रस्त सड़क और गड्ढों की जल्द मरम्मत कराने को कहा। व्यापारियों ने ई-रिक्शा चालकों के गलत लेन में वाहन चलाने की शिकायत की। डीएम ने पुलिस अधीक्षक यातायात को नियमों का उल्लंघन करने वाले चालकों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए। साप्ताहिक बंदी के आदेश का कुछ दुकानदारों द्वारा पालन नहीं करने की शिकायत पर अपर जिलाधिकारी नगर को क्षेत्र का निरीक्षण कर स्थिति की जांच और नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई के निर्देश दिए गए। बैठक में एडीएम सिटी अविनाश त्रिपाठी, एसपी ट्रैफिक मो. अकमल खान, पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता भगत सिंह समेत संबंधित अधिकारी और व्यापार बंधु के सदस्य मौजूद रहे।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *