बरेली/फतेहगंज पश्चिमी। दोपहर मे चली ठंडी हवा के साथ बदरा झमाझम बरसे। ठंडी हवा के झोंकों ने मौसम को खुशनुमा बना दिया। बच्चों ने घरों की छतों पर निकलकर बारिश में नहाकर आनंद लिया। शनिवार को हुई बारिश के बाद नगर पंचायत बदइंतजामी को साफ तरीके से देखा जा सकता है। कस्बे के मुख्य गलियों पर भी जलभराव रहा। आने-जाने वाले लोगों को निकलने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। इससे मोहल्ले वासियों मे नगर पंचायत के जिम्मेदारों के प्रति नाराजगी है। जानकारी के मुताबिक सीको वाली गली हिंदू आबादी को जाने वाली मुख्य गली है। स्थानीय निवासी नवीन शर्मा ने बताया कि होली चौक से मढ़ी मंदिर तक हर बारिश मे पानी भर जाता है। ज्यादा बारिश होने पर पानी घरों मे भी घुस जाता है। इससे आवागमन बाधित होता है और बीमारी का खतरा भी बढ़ जाता है। मोहल्ले के लोगों का कहना है कि पिछले 5 साल से नगर पंचायत से नाले और जलनिकासी की शिकायत की जा रही है लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नही हुआ है। बार-बार आश्वासन के बाद भी स्थिति जस की तस बनी हुई है। अधिशासी अधिकारी पुष्पेंद्र सिंह राठौर ने बताया कि जलनिकासी के लिए नाला निर्माण का प्रस्ताव बोर्ड की बैठक मे पास कर दिया गया है। जल्द नाला बनाकर जलनिकासी की समस्या दूर की जाएगी।।
बरेली से कपिल यादव
