बरेली। महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर बरेली विकास प्राधिकरण ने शहर मे पुष्प सप्ताह का आयोजन किया। इस पहल के तहत विभिन्न प्रमुख स्थलों को आकर्षक पुष्प सज्जा से सुशोभित किया गया। मंडलायुक्त सौम्या अग्रवाल, आईजी रेंज डॉ. राकेश सिंह, डीएम रविंद्र कुमार, एसएसपी अनुराग आर्य और बरेली विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष मानिकंदन ए ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों में की गई पुष्प सज्जा का निरीक्षण किया और इसकी सराहना की। साथ ही बरेली के लोगो से फ्लावर वीक में भाग लेने और पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रेरित किया। फ्लावर वीक के तहत शहर के विभिन्न चौराहों, मार्गों और प्रतिष्ठानों को कट फ्लावर डेकोरेशन और पुष्प युक्त पौधों व गमलों से सजाया गया। इस पहल में शहरवासियों, दुकानदारों और प्रतिष्ठान स्वामियों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। उन्होंने अपने घरों, दुकानों और शोरूमों के बाहर सुंदर फूलों और पौधों को प्रदर्शित किया, जिससे शहर की खूबसूरती निखर गई और पर्यावरण के प्रति जागरूकता भी बढ़ी। फूलों से सजे शहर ने एक नई ऊर्जा और सकारात्मकता का संचार किया। महाशिवरात्रि के इस पावन पर्व पर जहां शिवभक्तों ने श्रद्धा से भगवान शिव की आराधना की। वही बरेलीवासियों ने प्रकृति और स्वच्छता को समर्पित इस प्रयास में अपनी भागीदारी सुनिश्चित कर एक मिसाल कायम की। शहर की व्यापार मंडल एसोसिएशन, आईएमए एसोसिएशन, ज्वैलर्स एसोसिएशन, होटल एसोसिएशन, आईआईए एसोसिएशन सहित कई सम्मानित संस्थाओं और गणमान्य व्यक्तियों ने इसमे बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।।
बरेली से कपिल यादव