मलबे से घायल पांच लोगों को अस्पताल में कराया गया भर्ती

बरेली। जनपद के थाना सीबीगंज, सिरौली व किला क्षेत्र मे जर्जर दीवारें हादसों का कारण बनीं, जिनमें दो महिलाओं समेत तीन की मौत हो गई और नौ घायल हुए। हादसों के बाद पुलिस-प्रशासन की टीम ने सभी घटनास्थल का निरीक्षण किया। डीएम अविनाश सिंह ने सभी पीड़ितों को 24 घंटे में मदद की घोषणा की है। सिरौली के गांव अंजनी में प्रताप के खाली पड़े जर्जर मकान की दीवार गिरी, जिसकी चपेट में आकर पड़ोस में रहने वाली बुजुर्ग सुदामा देवी और बालक राजा की मौत हो गई। सुदामा देवी की चार वर्षीय नातिन रिया की हालत भी गंभीर है। घटना के वक्त दोनों बच्चे दीवार के पास खेल रहे थे और सुदामा देवी पास ही बैठी हुई थीं। लोगों ने बताया कि लगातार बारिश से प्रताप के खाली पड़े पुराने मकान की दीवार पूरी तरह गल चुकी थी, जिसके चलते यह हादसा हुआ। सुदामा देवी को पीएचसी में मृत घोषित किया गया जबकि राजा की मुरादाबाद ले जाते समय मौत हो गई। वही डीएम अविनाश सिंह ने बताया कि सुबह 08:30 बजे से 10:00 बजे तक तेज बारिश एवं आंधी-तूफान आने से जनपद के शहरी क्षेत्र तथा तहसील आंवला में अधिक प्रभाव पड़ा। सूचना मिलते ही प्रशासन एवं पुलिस की टीमें तत्काल मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पीड़ितों, घायलों एवं मृतकों के परिजनों को शासनादेश के अनुसार 24 घंटे के भीतर अनुमन्य राहत सामग्री एवं सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *