बरेली। समाजवादी पार्टी के जिला संगठन की ओर से सभी विधानसभा अध्यक्षों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में निर्णय लिया गया कि प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र मे करीब 50 जिम्मेदार नेताओं और कार्यकर्ताओं को मतदाता सूची के सत्यापन की जिम्मेदारी दी जाएगी। कार्यकर्ता घर-घर जाकर मतदाताओं के नाम, पते और अन्य विवरणों का मिलान करेंगे। किसी प्रकार की त्रुटि मिलने पर नियमानुसार सुधार की प्रक्रिया में सहयोग करेंगे। जिलाध्यक्ष शुभलेश यादव ने कहा कि बूथ संगठन की सबसे महत्वपूर्ण इकाई है। इसे मजबूत करने के लिए कार्यकर्ताओं को लगातार जनता के बीच रहना होगा। उन्होंने विधानसभा अध्यक्षों से बूथवार टीम गठित कर सत्यापन कराने और मतदाता सूची से जुड़ी समस्याओं की जानकारी संगठन तक पहुंचाने को कहा। साथ ही निर्देश दिए कि पात्र मतदाताओं के नाम सूची से न कटें और अपात्र नामों को शामिल किए जाने की शिकायत मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई के लिए मामला संबंधित अधिकारियों के सामने रखा जाए। इससे पहले पार्टी कार्यालय पर बाबू शिवदयाल सिंह चौरसिया की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि गोष्ठी आयोजित की गई। इसमें वक्ताओं ने अपने-अपने विचार रखे। कार्यक्रम मे जिलाध्यक्ष शुभलेश यादव, महानगर अध्यक्ष शमीम खां सुल्तानी, राजकुमार पाल, सुरेन्द्र सोनकर, पंडित दीपक शर्मा, अशोक यादव, भारती चौहान, असलम खान आदि मौजूद रहे। बूथ स्तर तक सक्रियता बढ़ाएं अधिवक्ता : बरेली। सपा अधिवक्ता सभा की मासिक बैठक मे संगठन को मजबूत करने, बूथ स्तर तक सक्रियता बढ़ाने और पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने को लेकर चर्चा की गई। बैठक में अधिवक्ता सभा के प्रभारी एवं जिला उपाध्यक्ष प्रमोद यादव ने अधिवक्ताओं से आह्वान किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में पार्टी के बूथों को मजबूत करे।।
बरेली से कपिल यादव
