सीबीगंज में अवैध कॉलोनी पर चला बीडीए का बुलडोजर

बरेली। बरेली विकास प्राधिकरण की प्रवर्तन टीम ने शुक्रवार को सीबीगंज थाना क्षेत्र के ग्राम गोविन्दापुर में अवैध कॉलोनी के खिलाफ ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की। कॉलोनाइजर करीब 20 बीघा क्षेत्रफल में बिना स्वीकृति के भूखंडों का चिन्हांकन कर कॉलोनी विकसित कर रहे थे। गांव गोविन्दापुर में मेंहदी हसन और मिसाल द्वारा उक्त क्षेत्र में बिना बीडीए की स्वीकृति के भूखंडों का चिन्हांकन, बाउंड्रीवाल आदि का कार्य कराया जा रहा था। प्राधिकरण ने इसे अवैध कॉलोनी का निर्माण और विकास कार्य मानते हुए कार्रवाई की। संबंधित क्षेत्र में प्राधिकरण से आवश्यक मानचित्र स्वीकृत कराए बिना प्लॉटिंग और विकास कार्य किया जा रहा था। सूचना मिलने के बाद प्रवर्तन टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की और अवैध रूप से किए जा रहे निर्माण, विकास कार्य को ध्वस्त कर दिया। अवैध कॉलोनी के खिलाफ कार्रवाई उत्तर प्रदेश नगर योजना एवं विकास अधिनियम-1973 की संबंधित धाराओं के अंतर्गत की गई। प्राधिकरण की टीम ने मौके पर किए गए अवैध विकास कार्य को हटाने की कार्रवाई की। बीडीए ने स्पष्ट किया कि प्राधिकरण की स्वीकृति के बिना की जाने वाली प्लॉटिंग या निर्माण के खिलाफ इसी तरह कार्रवाई की जा सकती है।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *