बेकाबू ट्रक ने ऑटो, बाइक और स्कूटी को मारी टक्कर, एक की मौत, दो घायल

बरेली। जनपद के थाना किला क्षेत्र के किला पुल पर रविवार देर रात बेकाबू हुए ट्रक ने पहले ऑटो, फिर बाइक और स्कूटी को टक्कर मार दी। इसके बाद सत्यप्रकाश चौराहे पर रेलिंग तोड़कर पार्क मे घुस गया। हादसे मे जखीरा मोहल्ला निवासी पतंग कारीगर अजीम मियां (40) की मौके पर ही मौत हो गई जबकि दो लोग घायल हुए है। पुलिस के मुताबिक, रामपुर की ओर से आ रहा ट्रक पुल पर पहुंचते ही अनियंत्रित हो गया और सामने जा रहे ऑटो, बाइक व स्कूटी को चपेट में ले लिया। टक्कर लगते ही वाहन सवार सड़क पर गिर गए। आसपास मौजूद लोग मदद के लिए दौड़े। सूचना पर किला थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और ट्रक चालक को हिरासत में ले लिया। वह नशे की हालत में था और बोल भी नहीं पा रहा था। ट्रक हिमाचल प्रदेश में पंजीकृत है। हादसे के बाद सत्यप्रकाश चौराहे पर भीड़ की वजह से कुछ देर के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर स्थिति को संभाला। घायल कंघी टोला सब्जी मंडी निवासी अफजल हुसैन व एक अन्य को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। अजीम के शव को पोस्टमाॅर्टम के लिए जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है। सीओ टू नितिन कुमार ने बताया कि बेकाबू ट्रक ने तीन वाहनों को टक्कर मार दी। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में लिया है। अन्य कार्रवाई की जा रही है।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *