बड़ी अकीदत के साथ उर्स ए तहसीनी के कुल की रस्म हुई अदा

बरेली। बरेलवी मसलक के धर्मगुरू तहसीन रजा खां का तीन रोजा उर्स अकीदत और एहतराम के साथ संपन्न हुआ। बुधवार को शाहदाना रेलवे ग्राउंड में कुल की रस्म हुई। कुल की फातिहा साहिबे सज्जादा मौलाना हस्सान रजा खान ने पढ़ी और मुल्क की तरक्की और अमन की दुआ की। सपरपरस्ती बिलग्राम के सज्जादा सय्यद सुहैल मियां ने की। दरगाह तहसीनी के प्रवक्ता सगीर उद्दीन नूरी ने बताया कि बुधवार को दोपहर साढे बारह बजे कुल की रस्म अदा की गई। सुबह आठ बजे शाहदाना रेलवे ग्राउंड में मसलके आला हजरत कांफ्रेंस का आयोजन हुआ। मंच से लोगों को मास्क, रूमाल या अंगोछा का इस्तेमाल करने की अपील हुई। कांफ्रेंस में उलेमा ने तकरीर की। मौलाना ततहीर अहमद ने कहा कि फिजूलखर्च लोगों को बेईमान बना देता है, इसलिए सिर्फ जरूरत भर खर्च करना चाहिए। मौलाना शकील मिस्बाही ने शादियों में फिजूलखर्च न करने की हिदायत दी। दरगाह आला हजरत के सज्जादानशीन मौलाना अहसन रजा खां नूरी ने सदरुल उलामा की शान में मनकबत का नजराना भेजा, जिसे स्टेज पर नईम तहसीनी ने पढ़ा। आखिर में साहिब ए सज्जादा मौलाना हस्सान रजा खां नूरी ने दुआ फरमाई। मौलाना नाजिर रजा ने संचालन किया। इस मौके उलेमा, तहसीनी रजाकारों के अलावा बड़ी तादाद में अकीदतमंद मौजूद रहे।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *