अलीगंज, बरेली। जनपद के थाना अलीगंज क्षेत्र में मंगलवार को किशोरी का शव निकाले जाने की सूचना पर सनसनी फैल गई। दो दिन पूर्व किशोरी के प्रेमी ने एसएसपी अनुराग आर्य को फोन करके इस संबंध मे सूचना दी और हत्या करके शव खेत मे दफन करने का आरोप लगाया। इस पर पुलिस ने गांव में जानकारी की तो पाया गया कि किशोरी कई दिन से लापता है लेकिन परिवार वालों ने न तो उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई है और न ही गांव में किसी से कोई चर्चा किया है। घटना की जानकारी होने पर पुलिस गांव पहुंची तो किशोरी के परिवार वाले फरार हो गए। इस पर पुलिस ने किशोरी के चाचा को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसने 28 जुलाई की रात हत्या करके शव खेत में दफन करने की बात स्वीकार कर ली। पुलिस ने शव को कब्र से निकालने के लिए एडीएम से अनुमति ले ली है। मंगलवार को मजिस्ट्रेट की निगरानी में कब्र से शव निकलवाकर पोस्टमार्टम कराया जाएगा। किशोरी के परिवार वालों के फरार होने से प्रथम दृष्टया प्रेमी का आरोप सही माना जा रहा है। रात में कब्र से शव को कोई गायब न कर दे, इसके लिए खेत में पुलिस तैनात कर दी गई है। इंस्पेक्टर जगत सिंह का कहना है कि शव मिलने और पोस्टमार्टम के बाद ही सारी चीजें स्पष्ट हो सकेंगी।।
बरेली से कपिल यादव
