पूर्व छात्र नेता के होर्डिंग उतारने पर सपा कार्यकर्ताओं ने मेयर का किया घेराव, हुई नोकझोंक

बरेली। शहर में नगर निगम ने पिछले कुछ दिनों से अतिक्रमण मुक्त करने के लिए अभियान चला रखा है। इसके तहत अवैध होर्डिंग, बैनर और पोस्टरों को उतारा जा रहा है। मंगलवार को सहायक नगरायुक्त विवेक त्रिपाठी के नेतृत्व में पटेल चौक से चौकी चौराहे तक अभियान चलाया गया। कुछ दिन पहले शामिल ही सपा में शामिल हुए पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष की होर्डिंग हटाए जाने पर कार्यकर्ता भड़क गए। उन्होंने निगम की कार्रवाई का विरोध व हंगामा किया। महापौर कार्यालय जाकर उनका घेराव किया। महापौर के निर्देश पर उनके होर्डिंग वापस किए गए। पिछले दिनों नगरायुक्त अभिषेक आनंद को सूचना मिली थी कि शहर में बिना अनुमति के होर्डिंग लगाए जा रहे हैं। उन्होंने सहायक नगरायुक्त के साथ प्रवर्तन दल को अवैध होर्डिंग उतारने के लिए भेजा। अतिक्रमण दस्ता प्रभारी जयपाल सिंह पटेल ने टीम के साथ चौकी चौराहे से पटेल चौक तक अभियान की शुरुआत की तभी पूर्व छात्रनेता समर्थकों के साथ मौके पर पहुंच गए। इस बीच सपा कार्यकर्ता और टीम के लोगों के साथ कहासुनी हो गई। इसकी सूचना मेयर और अधिकारियों को दी गई। कुछ देर बाद ही सपा नेता नगर निगम मेयर कार्यालय पहुंच गए। अनुराग सिंह उर्फ नीटू ने बताया कि नगर निगम केवल सपा के लगे होर्डिंग-बैनर उतार रही है। इसमें भी खासकर उनके होर्डिंग को पिछले कई दिनों से टारगेट किया जा रहा है। बाकी पार्टियों के बैनर-होर्डिंग लगे हुए है। इसी संबंध में हमने मेयर से बातचीत की है। उतारे गए होर्डिंगों को वापस करने की मांग भी मान ली। इस दौरान अशु सक्सेना, अब्दुल कयूम मुन्ना पार्षद, अकील गुड्डू, शमीम अहमद, नरेश पटेल, सलीम आदि उपस्थित रहे। महापौर डॉ उमेश गौतम ने बताया कि कोई भी बिना अनुमति के होर्डिंग और बैनर नहीं लगा पाएगा। सपा के कुछ कार्यकर्ताओं ने अपने होर्डिंग वापस मांगे थे। उन्हें चेतावनी देकर लौटाया है। वही नगर आयुक्त अभिषेक आनंद ने बताया कि शहर में बिना अनुमति होर्डिंग लगाए जाने की सूचना मिली थी। इस पर सहायक नगर आयुक्त के साथ टीम को होर्डिंग हटाने को भेजा गया था।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

किसी भी समाचार से संपादक का सहमत होना आवश्यक नहीं है।समाचार का पूर्ण उत्तरदायित्व लेखक का ही होगा। विवाद की स्थिति में न्याय क्षेत्र बरेली होगा।