पुलिस चौकी से चंद कदमों की दूरी पर बदमाशों का आतंक:उखाड़ ले गए ATM मशीन,पुलिस को नहीं लगी भनक

आगरा- उत्तर प्रदेश के ताज की नगरी आगरा में पुलिस चौकी से पांच सौ मीटर दूरी पर देर रात पुलिस से बेखौफ बदमाश एक एटीएम मशीन अपने साथ उखाड़ कर ले गए।
पुलिस चौकी के पुलिस कर्मियों को घटना की भनक तक नहीं लगी।सूचना मिलते ही एसएसपी सुधीर कुमार सिंह अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस जांच के साथ ये भी पता लगा रही है कि एटीएम में कितने रुपए थे।

थाना ताजगंज क्षेत्र की तोरा चौकी के पास बदमाशों ने प्राइवेट कंपनी टाटा इंडिकैश की एटीएम मशीन को उखाड़ ले गए।पुलिस को जब घटना की जानकारी लगी तो पूरे शहर में हड़कंप मच गया। एटीएम मशीन उखाड़ने की सूचना पर एसएसपी सुधीर कुमार, सीओ सदर राजीव कुमार सिंह और तमाम पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए।पुलिस ने एटीएम मशीन के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। एसएसपी सुधीर कुमार सिंह ने इस घटना का खुलासा करने के लिए पुलिस की कई टीमों को लगा दिया है।

आगरा में हजारों एटीएम लगे हैं, जिनमें से तमाम एटीएम मशीन ऐसी है,जहां पर न तो सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम हैं और न ही सिक्योरिटी गार्ड मौजूद हैं।इससे पहले भी एटीएम मशीनों से कई बार रूपए लूटने की घटना हो चुकी है, लेकिन फिर भी कई एटीएम मशीन अब भी बिना सिक्योरिटी गार्ड के वीरान पड़ी हैं।

एसएसपी सुधीर कुमार ने बताया कि मशीन उखाड़ने वालों की धरपकड़ के लिए कई टीमें लगी हुई हैं। घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी जा रही है, जिससे जानकारी मिले कि बदमाश किस वाहन से आए थे और कितने बदमाश थे। एटीएम मशीन को लेकर बदमाश किधर भागे।

सूत्रों से खबर है कि जिस समय घटना को अंजाम दिया गया, उस समय तोरा पुलिस चौकी के पुलिसकर्मी अवैध खनन में पकड़े गए वाहनों की अवैध वसूली में लगे हुए थे।

– योगेश पाठक आगरा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *