मीरगंज, बरेली। रामगंगा का जलस्तर बढ़ रहा है। इससे रौद्ररूप मे आई रामगंगा ने कपूरपुर के देवी मंदिर के शौचालय को काट दिया। एडीएम ने बाढ़ खंड के अधिकारियों के साथ कपूरपुर पहुंच कर मंदिर का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने बरसात के बाद कटान रोकने को परियोजना बनाने का आश्वासन दिया। रामगंगा ने कपूरपुर के जंगल में स्थित देवी मंदिर परिसर में स्थित शौचालय को बुधवार की रात्रि में काट दिया। ग्रामीणों ने बताया नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। मंदिर के नजदीक गुरुवार को दिन में कटान नहीं हुआ। पानी घटने पर कटान होगा। गुरुवार को एडीएम वित्त, बाढ़ खंड के अधिशासी अभियंता, सहायक अभियंता एवं अवर अभियंता ने गांव पहुंच कर मंदिर का निरीक्षण किया। एडीएम ने मंदिर में पूजाकर नदी में दूध चढ़ाया। पूर्व प्रधान संजू वाल्मीकि ने अधिकारियों को बताया कि नदी ने गत वर्ष मंदिर की धर्मशाला काट दी थी। नदी जिन जगहों पर यू टर्न मे बह रही है वही कटान कर रही है। प्रधान हरीश कुमार वर्मा ने ग्रामीणों के साथ अधिकारियों से कटान रोकने की स्थाई व्यवस्था करने पर जोर दिया। ग्रामीणों ने अधिकारियों को बताया अंजनी घाट के पास नहर बनाने से नदी सीधी बहने लगेगी। सीधा बहाव होने से मंदिर बच जायेगा। एडीएम ने ग्रामीणों को बरसात के बाद कटान रोकने को परियोजना बनाकर शासन को भेजने और नदी के बहाव को डायवर्ट करने का आश्वासन दिया। बाढ़ खंड की टीम व ग्रामीण स्थिति की निगरानी कर रही है।।
बरेली से कपिल यादव
