बरेली। प्रख्यात शिक्षाविद, लेखक, शोध निर्देशक एवं एसएस पीजी कॉलेज शाहजहांपुर के सेवानिवृत्त प्राचार्य प्रोफेसर सोती शिवेंद्र चंद्र को शिक्षा एवं शोध के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए उड़ान: गुरु श्रेष्ठ सम्मान-2026 से सम्मानित किया गया। डॉ. अमित शर्मा ने बताया कि शिक्षा जगत के भीष्म पितामह, गुरुओं के गुरु, आदरणीय प्रो. सोती शिवेंद्र चंद्र सर ने अपने दीर्घ शैक्षिक जीवन में शिक्षा, शोध, शिक्षक प्रशिक्षण और शिक्षा प्रशासन के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उन्होंने साठ से अधिक शोधार्थियों का शोध निर्देशन किया है। साथ ही दर्जनों पुस्तकों के लेखन एवं संपादन के अलावा सैकड़ों शोधपत्रों के माध्यम से अकादमिक जगत को समृद्ध किया है। शिक्षक प्रशिक्षक के रूप में भी उन्होंने लंबे समय तक शिक्षकों का मार्गदर्शन किया और शिक्षा प्रशासक के रूप में बेहतर कार्य किया। सम्मान प्रदान करते हुए उपस्थित शिक्षाविदों ने कहा कि प्रो. सोती शिवेंद्र चंद्र का जीवन शिक्षा और शोध के प्रति समर्पण का प्रेरणादायी उदाहरण है। उन्होंने अनेक विद्यार्थियों और शोधार्थियों को अकादमिक दिशा देने के साथ शिक्षा के क्षेत्र में नवाचार एवं गुणवत्तापूर्ण कार्य को प्रोत्साहित किया है। प्रो. सोती शिवेंद्र चंद्र ने सम्मान के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शिक्षक का वास्तविक सम्मान उसके विद्यार्थियों की सफलता और समाज के निर्माण में उसके योगदान से होता है। उन्होंने युवा शिक्षकों एवं शोधार्थियों से निरंतर अध्ययन, शोध और नवाचार को जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। इस अवसर पर खंडेलवाल कॉलेज ऑफ मैनेजमेंट साइंस एंड टेक्नोलॉजी, बरेली के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. अजय शर्मा, डॉ. अमित शर्मा, सौरभ, अंजू शर्मा सहित अनेक शिक्षाविद एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने प्रो. सोती शिवेंद्र चंद्र को सम्मान मिलने पर शुभकामनाएं दीं।
प्रो. सोती शिवेंद्र चंद्र को मिला उड़ान गुरु श्रेष्ठ सम्मान
