अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर उड़ान: शैक्षिक, सांस्कृतिक और सामाजिक सेवा समिति ने प्रदान किए ‘उड़ान: निपुण माता सम्मान 2025’
महिलाओं हेतु आयोजित की अनेक प्रतियोगिताएं, किया पुरस्कृत
बरेली। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर प्राथमिक विद्यालय मटिया नगला में उड़ान: शैक्षिक, सांस्कृतिक और सामाजिक सेवा समिति ने निपुण विद्यार्थियों की माताओं को ‘उड़ान: निपुण माता सम्मान 2025’ से सम्मानित किया। राज्य पुरस्कृत शिक्षक, राज्य आईसीटी पुरस्कार से सम्मानित विद्यालय के प्रधान अध्यापक डॉ. अमित शर्मा ने बताया कि अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर ‘निपुण माता सम्मान 2025’ का आयोजन उड़ान शैक्षिक सांस्कृतिक और सामाजिक सेवा समिति द्वारा किया गया। इस आयोजन में अपने बच्चों को नियमित रूप से, सफाई के साथ, पूर्ण गणवेश में भेजने, गृह कार्य कराने में सक्रिय योगदान देने एवं निपुण भारत मिशन के लक्ष्यों को प्राप्त कराने में बच्चों की सहायता करने के लिए सात माताओं को ‘निपुण माता सम्मान 2025’ से सम्मानित किया गया। प्रोफेसर एन एल शर्मा सर स्मार्ट आंगनबाड़ी केंद्र के निपुण विद्यार्थी भगवान दास की माता सुमन देवी, कक्षा एक की निपुण छात्रा परी की माता सोनी, कक्षा दो की निपुण छात्रा सोनाक्षी की माता रेखा देवी, तीन की निपुण छात्रा एकता की माता प्रेमलता, कक्षा चार की मेधावी छात्रा मेघा की माता उमा देवी, बाल संसद के उपप्रधान मंत्री एवं कक्षा पांच के मेधावी छात्र अभिमान उपाध्याय की माता कुसुम उपाध्याय और बाल संसद की प्रधान मंत्री व मीना मंच की सक्रिय पदाधिकारी अंशु यादव की माता ममता देवी को प्रशस्ति पत्र और मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया। महिलाओं की प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गईं, जिसमें निशानेबाजी में विमलेश्वरी देवी ने बाजी मारी और म्यूजिकल चेयर में उमा देवी ने सबको हराते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया। विजेताओं को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम संयोजक डॉ. अमित शर्मा ने बताया कि उड़ान संस्था की इस पहल से और अभिभावक एवं माताएं भी अपने बच्चों को नियमित रूप से और साफ सफाई के साथ विद्यालय भेजने हेतु प्रेरित होंगी। अन्य ग्राम वासियों को भी इस हेतु जागरूक और अभिप्रेरित करने के उद्देश्य से निपुण माता सम्मान से सम्मानित माताओं की तस्वीर विद्यालय में भी लगाई जाएगी और विद्यालय की वार्षिक पत्रिका में भी इनका उल्लेख किया जाएगा। मेघा ने सरस्वती वंदना एवं अभिमान ने स्वागत भाषण प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में सहायक अध्यापक लोचन सिंह, राहुल जैन, विमलेश्वरी देवी, आंगनबाड़ी कार्यकत्री प्रीति, ग्राम प्रधान ममता देवी, अध्यक्ष, विद्यालय प्रबंध समिति, ब्रिजेश पाल, धनदेवी, रूप देवी और सोमवती का विशेष सहयोग रहा।