नर्तकियों का डांस बंद कराने पर किया हंगामा, लोगों ने दिया धरना

शाही, बरेली। जनपद के थाना शाही क्षेत्र के अमौर गांव में चल रहे मेले में रविवार रात नर्तकियों का डांस कराने को लेकर पुलिस और मेला कमेटी के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते मामला इतना बढ़ा कि ग्रामीणों ने सड़क पर बैठकर पुलिस के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। रातभर चले हंगामे के बाद सुबह ग्रामीण ट्रैक्टर-ट्रॉलियों से शाही थाने पहुंचे और बाद में मुख्य बस स्टैंड तिराहे पर धरना देकर रास्ता जाम कर दिया। रविवार रात मेले में नर्तकियों का डांस कराने को लेकर पुलिस ने मना किया था। इसी दौरान मेला देख रहे कस्बे के एक युवक और मेला अध्यक्ष प्रेम सिंह गंगवार के बीच कहासुनी हुई। वहां तैनात पुलिस कर्मियों ने नियमों का पालन करने के लिए कहा तो मामला गरमा गया। प्रत्यक्ष दर्शयों ने बताया कमेटी के लोग ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मियों पर दबाब बनाने के लिए अभद्रता करने एवं नशे में होने का आरोप लगाने लगे। पुलिस की सख्ती से नाराज मेला कमेटी के लोग ग्रामीणों के स्थल के पास मुख्य सड़क पर बैठ गए। रात करीब एक बजे बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने रास्ते पर बैठकर पुलिस की घेराबंदी कर दी और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारे बाजी करने लगे। काफी देर तक हंगामा चलता रहा। सूचना पर जिला पंचायत सदस्य ममता गंगवार भी मेला स्थल पर पहुंचीं। बताया जाता है ममता गंगवार की पुलिसकर्मियों से नोकझोंक हुई। हंगामा थमने के बजाय और बढ़ता गया। ग्रामीण ट्रैक्टर-ट्रॉलियों में भरकर शाही थाने के गेट पर पहुंच गए। उसके बाद सुबह करीब पांच बजे ग्रामीणों ने शाही के मुख्य बस स्टैंड तिराहे को घेर लिया। सड़क पर ट्रैक्टर-ट्रॉलियां खड़ी कर रास्ता रोक दिया गया। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए धरना शुरू कर दिया। करीब एक घंटे तक तिराहे पर प्रदर्शन चलता रहा। हंगामे के बीच पुलिस ने मेला अध्यक्ष प्रेम सिंह गंगवार का अल्कोहल परीक्षण कराया। पुलिस के अनुसार मेला अध्यक्ष के मेडिकल परीक्षण में नशे में होने की पुष्टि हुई है। साथ ही ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों का अल्कोहल परीक्षण कराया गया। पुलिसकर्मी की एलकोहल रिपोर्ट निगेटिव आई। हंगामे से जुड़े कई वीडियो हो रहे वायरल : मेले मे हुए विवाद और हंगामे से जुड़े कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। इनमें ग्रामीणों के हंगामे के साथ पुलिस पर तरह-तरह के आरोप लगाए जा रहे हैं। वीडियो में मेले में नर्तकियों का डांस कराने को लेकर भी विवाद सामने आ रहा है। कमेटी के लोगों का आरोप है कि अन्य वर्षों की तरह डांस कराने से पुलिस ने रोक दिया। मामले में पुलिस ने मेला अध्यक्ष प्रेम सिंह गंगवार व अंकित शर्मा सहित छह लोगों पर शांतिभंग की कार्रवाई की है। जिला पंचायत सदस्य ममता गंगवार ने कहा पुलिस का रवैया ठीक न होने के कारण मेला निर्धारित समय से चार दिन पहले बंद करना पड़ा। थाना अध्यक्ष आशुतोष द्विवेदी ने बताया नर्तकियों के डांस को मना करने पर मेला कमेटी के लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया। कानून से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *