दो अन्य हत्यारोपी गिरफ्तार, दो भेजे जेल

बरेली। रामलीला देखकर लौट रहे दो युवकों पर पुरानी रंजिश को लेकर लाठी-डंडों से मारपीट में युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने दो अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, शुक्रवार रात गिरफ्तार किए गए दो आरोपियों को शुक्रवार को पुलिस ने जेल भेज दिया। फतेहगंज पूर्वी के गांव टरगोली निवासी 28 वर्षीय संजय सक्सेना नोएडा में कैब चलाते थे। सोमवार को वह प्लॉट खरीदने की बात करने के लिए सुभाषनगर के शांति विहार की प्रजापति कॉलोनी में रहने वाली बहन साक्षी के घर आए थे। बुधवार रात संजय मोहल्ले में ही रहने वाले अपने दोस्त मोनू सैनी के साथ रामलीलासे लौटते समय रात करीब दो बजे होली चौक पर विकास श्रीवास्तव, उसके भाई आकाश, रंजीत, आशीष गुर्जर, श्रवण यादव, कृष्णा गोस्वामी, धीरज गुर्जर, राजेश गुर्जर, अभिषेक माली, साहिल पंडित, राहुल तेली व अन्य अज्ञात ने दोनों को घेरकर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। संजय घायल हो गए। परिजन जिला अस्पताल लेकर गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। संजय की बहन साक्षी ने 11 नामजद समेत अज्ञात पर रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने विकास श्रीवास्तव और उसके भाई आकाश को गिरफ्तार कर शुक्रवार को जेल भेज दिया। देर रात पुलिस ने दो अन्य आरोपी, शांतिविहार निवासी रंजीत गुर्जर और अभिषेक सैनी को गिरफ्तार किया । उनकी निशानदेही पर सरायतल्फी रोड पर निर्माणाधीन मकान में छिपाई हत्या में प्रयुक्त फंटी व डंडा बरामद किया गया है। आरोपियों ने बताया कि संजय ने पूर्व में विकास और उन लोगों से मारपीट कर चुका था। इसी रंजिश में उसकी हत्या की। वारदात में शामिल अपराधी, होगी कड़ी कार्रवाई : संजय की हत्या पुरानी रंजिश को लेकर की गई। एसएसपी अनुराग आर्य ने चौकी इंचार्ज जितेंद्र कुमार, एसआई अनुज , हेड कांस्टेबल ओमेंद्र सिंह और कांस्टेबल तुषार को सस्पेंड कर विभागीय जांच के निर्देश दिए हैं। एसपी सिटी चिराग जैन ने बताया कि सभी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।।

— बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *