तिलक चढ़ाने गए लड़की के फूफा की चाकू से की हत्या, पांच पर मुकदमा दर्ज, मुख्य आरोपी गिरफ्तार

नवाबगंज, बरेली। जिले तहसील बहेड़ी से नवाबगंज तिलक चढ़ाने गए लड़की के फूफा की लड़के के रिश्तेदारों ने चाकू से गोदकर हत्या कर दी। जिसमें चार अन्य लोग भी घायल हो गए। थाना नवाबगंज में 5 लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने मुख्य आरोपी को चाकू समेत गिरफ्तार कर लिया है। बाकी बचे चार अन्य की तलाश में दबिश से जारी है। आपको बता दें कि थाना पहाड़ी क्षेत्र के गांव गुड़वारा के रामकुमार कश्यप थाना नवाबगंज क्षेत्र के बाकरगंज गांव मे लालता प्रसाद के बेटे रमेश के लिए तिलक लेकर उनके घर गए थे। सोमवार रात को दोनों पक्षों के कई लोग शराब के नशे मे थे। उनमें कई बार कहासुनी हो गई थी। आधी रात को खाना खाने के दौरान झगड़ा हो गया। जिसमे लड़के पक्ष के भगवानदास व चार अन्य लोगों ने लड़की पक्ष वालों पर हमला कर दिया। लड़की के रिश्ते के फूफा मंसाराम कश्यप को पीटा और उनकी चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी। झगड़े और मारपीट में चार अन्य लोग भी घायल हो गये। सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एसपी देहात राजकुमार अग्रवाल ने बताया कि हत्या के मुख्य आरोपी भगवानदास को नवाबगंज पुलिस ने चाकू के साथ गिरफ्तार कर लिया है। भगवानदास के अलावा अजय, कांता प्रसाद, कृष्णपाल और पंकज के खिलाफ हत्या जानलेवा हमला समेत कई धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। बाकी बचे चार अन्य लोगों को पकड़ने के लिए पुलिस दबिश दे रही है।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *