बरेली/फतेहगंज पश्चिमी। भिटौरा रेलवे फाटक पर मंगलवार की सुबह ट्रेन गुजरने के बाद भी करीब 18 मिनट तक फाटक बंद रहने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। जाम में फंसे कुछ लोग जान जोखिम मे डालकर बंद फाटक के नीचे से वाहन निकलने लगे। इसी दौरान दूसरी ट्रेन आने की सूचना पर लोगों में अफरा-तफरी मच गई और वे आनन-फानन पीछे हट गए। बताया गया कि सुबह करीब 9:48 बजे एक ट्रेन गुजरने के बाद तकनीकी खराबी के कारण फाटक नही खुल सका। दूसरी ट्रेन गुजरने के बाद कर्मचारियों ने काफी मशक्कत के बाद फाटक खोला। जिसके बाद यातायात सुचारु हो सका। स्थानीय लोगों का कहना है कि फाटक पर बार-बार मरम्मत और ओवरहॉलिंग के बावजूद समस्या सामने आ रही है। जाम मे फंसे छात्र असद अंसारी ने रेलमंत्री से शिकायत कर मरम्मत कार्यों की गुणवत्ता और बार-बार आ रही तकनीकी समस्या की जांच कराने की मांग की है। डीआरएम मुरादाबाद ने शिकायत पर जवाब दिया कि तकनीकी समस्या का कर्मचारियों ने समाधान कर दिया है और फाटक खोल दिया गया है। उन्होंने हुई असुविधा के लिए खेद जताया।।
बरेली से कपिल यादव
