डॉक्टर दोस्त ने तोड़ा भरोसा, हड़पे 2.29 करोड़ रुपये, रिपोर्ट दर्ज

बरेली। 45 साल पुराने पारिवारिक रिश्तों की आड़ मे एक डॉक्टर से करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी कर ली गई। आरोप है कि कृषि कारोबार और निजी कर्ज चुकाने के नाम पर 2.29 करोड़ रुपये लेने के बाद आरोपी ने 39.24 लाख रुपये का चेक भी धोखे से इस्तेमाल करने की कोशिश की। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी। एसएसपी के आदेश पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इज्जतनगर क्षेत्र के पीलीभीत बाईपास रोड निवासी डॉ. राजकुमार गुप्ता के मुताबिक, उनके परिचित रुद्रपुर निवासी डॉ. अजय अग्रवाल ने उनसे अलग-अलग समय पर 2,29,95,720 रुपये उधार लिए थे। यह रकम आरटीजीएस और यूपीआई के जरिए बैंक खातों से भेजी गई थी। मई 2026 में आरोपी ने यूनिवर्सिटी की फीस जमा करने के नाम पर 39,24,050 रुपये का चेक उधार लिया। चेक पर ओवरराइटिंग होने के कारण नया चेक मांगा। पीड़ित के इनकार करने पर आरोपी ने पुराना चेक फाड़ने की बात कही। आरोप है कि 15 सितंबर को बैंक से ईमेल मिलने पर पता चला कि उसी चेक को भुगतान के लिए लगाया गया है। रकम और चेक वापस मांगने पर आरोपी ने जान से मारकर जंगल में फिंकवाने की धमकी दी। पीड़ित ने व्हाट्सएप चैट और बैंक दस्तावेज पुलिस को सौंपने की बात कही है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *