बरेली। शुक्रवार को अलग-अलग दो हादसों मे मॉर्निंग वॉक को गए एक युवक व बुजुर्ग महिला की मौत हो गई। पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पहला मामला थाना सुभाषनगर क्षेत्र के मढ़ीनाथ पुलिस चौकी के रहने वाले 45 वर्षीय नरेश की भाभी चंद्रा ने बताया कि नरेश शुक्रवार की सुबह रोज की तरह मॉर्निंग वॉक करने के लिए घर से गए थे। जिसके बाद उनके पास किसी का फोन आया। उसने बताया कि नरेश बेहोशी अवस्था मे पडे है। मौके पर परिवार के लोगों ने जब जाकर देखा तो वह बेहोश पड़े थे। आनन-फानन मे परिवार के लोगों ने इसकी जानकारी 108 एंबुलेंस को दी। मौके पर पहुंची एंबुलेंस की मदद से नरेश को जिला अस्पताल लाया गया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिवार ने इसकी जानकारी पुलिस को दी। जिला अस्पताल पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी मे रखवाया। साथ ही मृतक के परिजनों से तहरीर लेकर वैधानिक कार्यवाही शुरू कर दी है। नरेश मजदूरी कर अपने घर का पालन पोषण करता था। उसकी पत्नी की कई साल पहले मौत हो चुकी है। परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। वही दूसरी घटना थाना हाफिजगंज क्षेत्र के रिठौरा कस्बे की है। जहां 54 वर्षीय चमेली देवी के पति मोतीराम ने बताया कि चमेली देवी रोजाना की तरह सुबह मॉर्निंग वॉक पर जा रही थी। तभी बरेली-पीलीभीत हाईवे पर अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। जिससे उनकी पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई। इसकी जानकारी गांव मे अखबार डालने वाले ने परिवार के लोगों को दी। परिजनों ने भी इस बाबत सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वही पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश शुरू कर वैधानिक कार्यवाही शुरू कर दी है।।
बरेली से कपिल यादव