- टीम के समझाने पर डर हुआ दूर, कोरोना से सुरक्षा का लिया कवच
- क्राई के सहयोग से पंचकुइयां स्थित झुग्गी झोपड़ी में रहने वालों के लिए लगा विशेष शिविर
आगरा – पंचकुइयां स्थित शिक्षा भवन के नजदीक झुग्गी- झोपड़ियों में रहने वाले लोगों का सोमवार को स्वास्थ्य विभाग द्वारा टीकाकरण किया गया । यहां पर लोगों ने कहा कि हमें वैक्सीन लगवाने से डर लग रहा था, जब टीम ने हमें इसकी उपयोगिता समझाई तो हमने वैक्सीन लगवा ली है।
सोमवार को स्वास्थ्य विभाग का टीका रथ पंचकुइयां स्थित झुग्गी-झोंपड़ियों में रहने वालों को वैक्सीन लगाने के लिए पहुँचा | यहाँ पर क्राई संस्था के सहयोग से विशेष शिविर लगाया गया, जिसमें 70 लोगों को वैक्सीन लगाई गई।
डिप्टी सीएमओ डॉ. आरसी माथुर ने बताया कि विभाग द्वारा कोविड टीके से वंचित लोगों को प्रोत्साहित करके उनका टीकाकरण किया जा रहा है। इसके लिए टीकारथ की मदद से विशेष शिविर लगाकर टीकाकरण किया जा रहा है।
क्राई संस्था के नरेश पारस ने बताया कि हमने स्वास्थ्य विभाग के साथ झुग्गी झोपड़ी में सघन जनसंपर्क शुरू कर दिया है। संयुक्त रूप से जनपद की झुग्गी-झोंपड़ियों में विशेष शिविर लगाकर कोविड टीकाकरण किया जा रहा है।
चाइल्ड राइट्स एंड यू (क्राई) संस्था द्वारा वैक्सीन मित्र बनाकर लोगों को वैक्सीन के प्रति जागरूक किया जा रहा है । रविवार को एसीएमओ डॉ. आर सी माथुर स्वास्थ्य विभाग की टीम के साथ साथ बाल अधिकार कार्यकर्ता नरेश पारस के साथ रामलीला मैदान में झुग्गी झोपड़ी में पहुंचे। लोगों से वैक्सीनेशन की जानकारी ली। लोग वैक्सीन लगवाने से कतरा रहे थे। जब उनको समझाया गया तो वह वैक्सीन लगवाने को तैयार हो गए।
टीकाकरण कराने के बाद गुलशन ने बताया कि हमने कोविड टीके के बारे में सुना था, हमें पहले इसे लगवाने में डर लग रहा था लेकिन जब स्वास्थ्य विभाग की टीम ने यहां पर टीका लगाने आई और उन्होंने हमें समझाया तो हमने वैक्सीन लगवा ली है। इससे कोई परेशानी नहीं हुई।
दीक्षा ने बताया कि उन्होंने टीकारथ के पास जाकर वैक्सीन लगवा ली है। उन्हें इससे कोई परेशानी नहीं हुई। इसके साथ ही हमें इसका प्रमाण-पत्र भी दिया गया।
चलता रहेगा अभियान
एसीएमओ डॉ.आर सी माथुर ने बताया कि टीकारथ द्वारा वैक्सीनेशन कराया जा रहा है। नरेश पारस के सौजन्य से झुग्गी बस्तियों में वैक्सीनेशन अभियान लगातार चलता रहेगा। स्वास्थ्य विभाग की टीम में सीएचओ डॉ. हरवेन्द्र सिंह, डॉ. रमाकांत सिंह, डॉ.नरोत्तम लाल, डॉ.सतेंद्र पाल सिंह तथा नरेश पारस ने वैक्सीनेशन कराया।
– योगेश पाठक आगरा
