बरेली। स्वास्थ्य विभाग ने स्वाइन फ्लू के पांच मरीज मिलने के बाद जांच-इलाज की तैयारी पूरी कर ली है। हार्ट वार्ड में स्वाइन फ्लू का वार्ड बनाया गया है। अब जिला अस्पताल में ट्रूनॉट मशीन से एच1एन1 की जांच भी होगी। इसके लिए अस्पताल प्रबंधन ने वायरल ट्रांसपोर्ट मीडियम (वीटीएम) समेत अन्य जरूरी उपकरण और रिजेंट खरीदा है। माडल टाउन की बुजुर्ग महिला समेत जिले में स्वाइन फ्लू संक्रमित पांच मरीज मिल चुके हैं। राजेंद्रनगर के निजी अस्पताल में भर्ती महिला की हालत में सुधार हो रहा है। स्वाइन फ्लू के मरीज मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने जांच और उपचार की व्यवस्था करने की कवायद शुरू की थी। वार्ड आरक्षित करने के साथ ही जिला अस्पताल में ही स्वाइन फ्लू की जांच भी अब हो सकेगी। सीएमओ डॉ. विश्राम सिंह ने बताया कि ट्रूनॉट मशीन से संदिग्ध मरीजों की जांच होगी। इसके लिए आवश्यक वीटीएम आ गई है। सीएचसी पर भी वीटीएम भेजी गई है। वहां स्टाफ को सैंपलिंग की ट्रेनिंग भी दे दी गई है। सीएचसी प्रभारियों को निर्देश दिया गया है कि स्वाइन फ्लू के लक्षण वाले मरीज मिलने पर तत्काल उसका सैंपल लेकर आईडीएसपी को सूचना दी जाए। मरीजों के उपचार के लिए पर्याप्त मात्रा में दवाएं भी सीएचसी और जिला अस्पताल को दी गई है।।
बरेली से कपिल यादव
