सुशील कुमार यादव ने किया शत- प्रतिशत मतदान के संकल्प के साथ हस्ताक्षर अभियान का शुभारंभ

राजस्थान/बाड़मेर – नगर निकाय आम चुनाव के तहत जिले में मतदाता जागरूकता अभियान को गति देने के लिए बुधवार को जिला कलक्टर कार्यालय से हस्ताक्षर अभियान का शुभारंभ किया गया। जिला निर्वाचन अधिकारी सुशील कुमार यादव ने हस्ताक्षर कर जिले में शत-प्रतिशत मतदान के संकल्प के साथ अभियान की शुरुआत की।

इस अवसर पर जिला निर्वाचन अधिकारी सुशील कुमार यादव ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती में प्रत्येक मतदाता की भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने मतदाताओं से अपने मताधिकार का प्रयोग करने तथा अपने आसपास के लोगों को भी मतदान के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि मतदान केवल अधिकार ही नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक जिम्मेदारी भी है।

हस्ताक्षर अभियान के दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी भुवनेश्वर सिंह चौहान, स्वीप टीम की सदस्य व्याख्याता डॉ. रामेश्वरी चौधरी, अध्यापक विजया कुमारी एवं उषा, जिला स्वीप कोऑर्डिनेटर नरेन्द्र कुमार सहित उपस्थित पत्रकार साथियों ने भी हस्ताक्षर कर मतदाता जागरूकता का संदेश दिया। हस्ताक्षर अभियान के माध्यम से आमजन को मतदान के प्रति जागरूक करने और अधिक से अधिक मतदाताओं की मतदान में भागीदारी सुनिश्चित करने का संदेश दिया गया।

इसी क्रम में बालोतरा उपखंड कार्यालय में भी हस्ताक्षर अभियान आयोजित किया गया। रिटर्निंग अधिकारी राजेश कुमार ने हस्ताक्षर कर मतदाता जागरूकता का संदेश दिया तथा आमजन से आगामी नगर निकाय चुनाव में बढ़-चढ़कर मतदान करने की अपील की।
स्वीप गतिविधियों के तहत जिले में विभिन्न माध्यमों से मतदाताओं को मतदान प्रक्रिया, मताधिकार और शत-प्रतिशत मतदान के प्रति जागरूक किया जा रहा है। हस्ताक्षर अभियान के माध्यम से जिलेवासियों को लोकतंत्र के इस पर्व में सक्रिय भागीदारी निभाने का संदेश दिया गया।

— राजस्थान से राजूचारण

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *