चीनी-प्याज लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचे यूथ ब्रिगेड के कार्यकर्ता, संगीत सोम का पुतला फूंका

बरेली। बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार के खिलाफ मुलायम सिंह यादव यूथ ब्रिगेड के कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट पहुंचकर प्रदर्शन किया। कार्यकर्ता अपने साथ चीनी और प्याज लेकर पहुंचे और इनके बढ़ते दामों को लेकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। इस दौरान सपा नेता संगीत सोम का पुतला लेकर पहुंचे और उसे फूंककर विरोध जताया। इसके बाद जिलाधिकारी अविनाश सिंह के माध्यम से राज्यपाल को 20 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपा गया। मुलायम सिंह यादव यूथ ब्रिगेड के जिलाध्यक्ष एजाज अहमद के नेतृत्व में पहुंचे कार्यकर्ताओं ने कहा कि खाद्य पदार्थों, सब्जियों, दाल, तेल, दूध, बिजली, शिक्षा, स्वास्थ्य और परिवहन की बढ़ती लागत से आम परिवार का बजट बिगड़ रहा है। सीमित आय वाले परिवारों के लिए रोजमर्रा की जरूरतें पूरी करना मुश्किल होता जा रहा है। कार्यकर्ताओं ने जमाखोरी, कालाबाजारी और मुनाफाखोरी के खिलाफ विशेष अभियान चलाने की मांग की। ज्ञापन में प्रदेश के सरकारी विभागों में रिक्त पदों को जल्द भरने, भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने और प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक व अन्य अनियमितताओं पर कठोर कार्रवाई की मांग की गई। यूथ ब्रिगेड ने युवाओं के लिए रोजगार मेलों और कौशल विकास कार्यक्रमों को प्रभावी बनाने के साथ स्वरोजगार के लिए आसानी से ऋण उपलब्ध कराने की मांग भी उठाई। ज्ञापन में किसानों को उपज का उचित मूल्य दिलाने, कृषि लागत कम करने, मजदूरों व असंगठित क्षेत्र के कामगारों को सामाजिक सुरक्षा देने, सरकारी अस्पतालों में डॉक्टर, दवाएं और जांच सुविधाएं बढ़ाने तथा बिजली, पानी, सड़क और नाली जैसी मूलभूत सुविधाओं में सुधार की मांग की।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *