गैस सिलेंडर फटने से घर मे लगी भीषण आग

बरेली/फतेहगंज पश्चिमी। कस्बा के मोहल्ला भिटौरा में शुक्रवार तड़के घुंगरू बाबा मंदिर के पास एक मकान में गैस सिलेंडर फटने से भीषण आग लग गई। विस्फोट इतना तेज था कि मकान की दीवारों में दरारें आ गईं और टीन की छत उखड़ गई। घर में रखा लाखों का सामान, अनाज, कपड़े जलकर राख हो गए। गनीमत रही कि घटना के समय परिवार घर पर मौजूद नही था। भिटौरा निवासी परशुराम पुत्र पोथीराम ने गुरुवार रात करीब 11 बजे पुत्र मिथुन की तबीयत खराब होने पर गैस चूल्हे पर पानी गर्म किया था। इसके बाद उन्होंने गैस बंद कर दी और दवा लेने नौगवां स्थित एक निजी चिकित्सक के पास चले गए। लौटते समय परशुराम, उनकी पत्नी सनम, पुत्र मिथुन और पुत्री आराधना अपनी बहन के घर रुक गए और वही रात बिताई। रात करीब तीन बजे अचानक एक तेज धमाका हुआ। आसपास के लोगों ने देखा कि परशुराम के घर में रखा गैस सिलेंडर फट गया था। धमाका इतना जोरदार था कि सिलेंडर के कई टुकड़े हो गए, मकान क्षतिग्रस्त हो गया और आग ने पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया। आशंका जताई जा रही है कि मच्छरों से बचाव के लिए जल रही अगरबत्ती से रिसी हुई गैस ने आग पकड़ ली होगी। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि घटना के समय परिवार घर में मौजूद होता तो बड़ा हादसा हो सकता था।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *