बरेली। भाजपा महानगर के नवनियुक्त महानगर प्रभारी एवं विधान परिषद सदस्य रजनीकांत माहेश्वरी के पहली बार बरेली आगमन पर भाजपा कार्यालय में महानगर अध्यक्ष अधीर सक्सेना समेत पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। इसके बाद रजनीकांत माहेश्वरी ने बरेली-मुरादाबाद शिक्षक खंड चुनाव कार्यालय का उद्घाटन किया। रजनीकांत माहेश्वरी ने कहा कि संगठन की शक्ति कार्यकर्ताओं की मेहनत और समर्पण में निहित है। शिक्षक खंड चुनाव को लेकर उन्होंने कार्यकर्ताओं से समन्वय बनाकर सक्रियता से काम करने का आह्वान किया। महानगर अध्यक्ष अधीर सक्सेना ने कहा कि कार्यकर्ता संगठन को मजबूत करने के लिए पूरी प्रतिबद्धता से काम करेंगे। सांसद छत्रपाल गंगवार ने कहा कि नई जिम्मेदारियां कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार करती हैं। मेयर डॉ. उमेश गौतम ने कहा कि रजनींकांत माहेश्वरी के अनुभव और मार्गदर्शन से महानगर में संगठनात्मक गतिविधियों को और गति मिलेगी। कार्यक्रम में महामंत्री राजीव साहनी, विष्णु शर्मा, प्रभुदयाल लोधी, तृप्ति गुप्ता, राजकिशोर कश्यप, डॉ. रामचंद्र मौर्य, प्रवेश वर्मा, वैभव शर्मा, कुमार गौरव शर्मा, राधे गुर्जर और मंजीत सिंह नागपाल आदि मौजूद रहे।।
बरेली से कपिल यादव
