बरेली। जनपद के नवाबगंज क्षेत्र के गांव हिमकरपुर चमरौआ के रहने वाले आईएएस अधिकारी ज्ञानेंद्र कुमार गंगवार इन दिनों केपीएससी (कर्नाटक लोक सेवा आयोग) भर्ती घोटाले को लेकर सुर्खियों में हैं। कर्नाटक लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित वेटनरी ऑफिसर परीक्षा में कथित अनियमितता के मामले में सीआईडी ने बंगलूरू में आईएएस अधिकारी ज्ञानेंद्र गंगवार को गिरफ्तार किया है। उनकी गिरफ्तारी के बाद परिवार ने मीडिया से दूरी बना ली है। उनके गांव के लोग भी सकते है। आईएएस अधिकारी को गिरफ्तार किए जाने के बाद खुसरो मेल की टीम ने उनके परिजनों से बात करने का प्रयास किया। टीम उनके घर पहुंची तो घर पर कोई पुरूष मौजूद नहीं मिला। हालांकि महिलाएं घर के अंदर मौजूद थीं, जिन्होंने मीडिया से दूरी बनाए रखी। टीम ने उनके घर के पास मौजूद ग्रामीणों से बात करने का प्रयास किया तो ग्रामीणों ने बताया कि कल तो सब मौजूद थे सुबह ही कहीं गए हैं। अधिकारी का मामला होने के चलते ग्रामीणों ने भी इस मामले को लेकर बात करने से इनकार कर दिया।।
बरेली से कपिल यादव
