अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर रामाश्रय स्वास्थ्य जांच एवं स्क्रीनिंग शिविर आयोजित

राजस्थान/बाड़मेर- अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर राजकीय मेडिकल कॉलेज से संबद्ध जिला चिकित्सालय, बाड़मेर में वरिष्ठ नागरिकों के लिए विशेष “रामाश्रय स्वास्थ्य जांच एवं स्क्रीनिंग शिविर” आयोजित किया गया। इस वर्ष दिवस की थीम “दीर्घायु का युग: लंबी आयु के लिए व्यवस्थाओं पर पुनर्विचार” रही।

शिविर में अस्थि रोग, मेडिसिन, नेत्र रोग, नाक-कान-गला तथा फिजियोथेरेपी सहित विभिन्न विशेषज्ञ सेवाओं के माध्यम से वरिष्ठजनों की जांच एवं परामर्श किया गया। स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक जांचों के साथ बीमारियों से बचाव और देखभाल के बारे में जानकारी दी गई तथा वरिष्ठ नागरिकों का सम्मान किया गया। इस अवसर पर राजस्थान गवर्नमेंट हेल्थ स्कीम (आरजीएचएस) के अंतर्गत ओपीडी पंजीकरण काउंटर एवं हेल्प डेस्क का भी शुभारंभ किया गया, जिससे लाभार्थियों को पंजीकरण और ओपीडी पर्ची संबंधी सुविधा मिल सकेगी। शिविर में कुल 315 मरीजों को सेवाएं दी गईं। इनमें अस्थि रोग के 85, मेडिसिन के 119, नेत्र रोग के 35, नाक-कान-गला रोग के 40 तथा फिजियोथेरेपी के 36 मरीज शामिल रहे। विशेषज्ञ चिकित्सकों के साथ फिजियोथैरेपिस्ट, नर्सिंग अधिकारी, पैरामेडिकल एवं प्रयोगशाला स्टाफ ने भी सेवाएं दीं।

कार्यक्रम में विभाग संघचालक मनोहर लाल बंसल, पेंशनर समाज के अध्यक्ष डॉ. बंशीधर तातेड, उपाध्यक्ष शंकरलाल मोदी, संगठन मीडिया प्रभारी पीराराम शर्मा, मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. अनूप सिंह गुर्जर, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. विष्णुराम बिश्नोई, अस्पताल अधीक्षक डॉ. हनुमान राम चौधरी, डॉ. हरीश चौहान, डॉ. प्रतीक सागर, नर्सिंग अधीक्षक आईदान राम तथा कर्नल कुमार शारदा सहित अनेक चिकित्सक, नर्सिंग अधिकारी, पैरामेडिकल स्टाफ, गणमान्य एवं प्रबुद्धजन उपस्थित रहे।

इस अवसर पर मनोहरलाल बंसल ने कहा कि वरिष्ठजन परिवार और समाज के मार्गदर्शक हैं। उनके अनुभव का सम्मान करना और उनकी देखभाल करना हम सभी का दायित्व है। डॉ. बंशीधर तातेड ने कहा कि वरिष्ठजनों के स्वास्थ्य, सम्मान और सहयोग के लिए परिवार, समाज तथा संस्थाओं को मिलकर निरंतर प्रयास करना चाहिए।

मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. अनूप सिंह गुर्जर ने शिविर में उपस्थित वरिष्ठजनों , पेंशनर समाज के अध्यक्ष एवं सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ऐसे शिविर वरिष्ठ नागरिकों तक आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं और परामर्श पहुंचाने का सराहनीय माध्यम हैं। उन्होंने वरिष्ठजनों को नियमित स्वास्थ्य जांच, संतुलित दिनचर्या और समय पर चिकित्सकीय सलाह लेने के महत्व की जानकारी भी दी।

अस्पताल अधीक्षक डॉ. हनुमान राम चौधरी ने कहा कि वरिष्ठजन परिवार और समाज के संरक्षक एवं मार्गदर्शक हैं। उनका अनुभव और ज्ञान समाज की अमूल्य धरोहर है। उनके स्वास्थ्य, सम्मान और गरिमापूर्ण जीवन की देखभाल करना हम सभी की साझा जिम्मेदारी है।

— राजस्थान से राजूचारण

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *