बरेली। शराब कारोबारी मनोज जायसवाल समेत पांच को माफिया घोषित किया गया है। आरोपियों में बरेली का अजय जायसवाल व संजय कुमार, उन्नाव का अशोक दीक्षित और आजमगढ़ का अरुण पांडेय भी शामिल है। मार्च 2021 मे सहारनपुर स्थित टपरी डिस्टलरी में टैक्स चोरी कर शराब सप्लाई करने में इन सभी का नाम सामने आया था। मनोज जायसवाल समेत 27 आरोपियों पर सहारनपुर से गैंगस्टर की कार्रवाई हो चुकी है। बरेली से मनोज की हिस्ट्रीशीट खुली है। अप्रैल महीने मे सहारनपुर पुलिस ने बरेली मे मनोज और उसके भाई नीरज जायसवाल की 48.5 करोड़ की संपत्ति जब्त की थी। शराब माफियाओं के खिलाफ जंग की शुरुआत मार्च 2021 में हुई थी। यूपी एसटीएफ और प्रवर्तन निदेशालय ने सहारनपुर के चर्चित टपरी डिस्टलरी कांड का खुलासा किया था। जांच में मनोज जायसवाल समेत कई माफियाओं की भूमिका सामने आई। इस सिंडिकेट ने सरकारी खजाने को करीब 100 करोड़ का चूना लगाया था। ईडी ने करोड़ों की चल अचल संपत्ति कुर्क कर दी थी। 20 जनवरी को बरेली विकास प्राधिकरण ने बारादरी के हरूनगला में मनोज जायसवाल की 6000 वर्गमीटर में बनी अवैध कॉलोनी को जमींदोज कर दिया था। अप्रैल मे डीएम अविनाश सिंह के आदेश पर पुलिस और राजस्व टीम ने बारादरी और इज्जतनगर में कीमती जमीन और मकान कुर्क किए। पीलीभीत बाईपास पर 46 करोड़ से अधिक का व्यावसायिक भूखंड और हरूनगला की कृषि भूमि व आवासीय प्लॉट कब्जे में लिए गए। ढोल नगाड़ों के साथ मुनादी कराकर कुर्की की गई थी। 30 मई को बरेली पुलिस ने मनोज जायसवाल समेत 18 शातिर अपराधियों की हिस्ट्रीशीट खोल दी। मनोज जायसवाल पर बरेली, लखनऊ और सहारनपुर में धोखाधड़ी व गैंगस्टर एक्ट समेत 6 गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। अब इन हिस्ट्रीशीटरों को नियमित थाने में हाजिरी देनी होगी। पुलिस दैनिक कार्यों और संपत्तियों के हस्तांतरण पर नजर रखेगी।।
बरेली से कपिल यादव
