मांझा विक्रेता और पतंगबाज पर जानलेवा हमले का दर्ज कराया मुकदमा

बरेली। गन्ना राज्यमंत्री के भतीजे के चाइनीज मांझा से जख्मी होने के मामले में पुलिस की ओर से थाना बारादरी में विक्रेता और पतंगबाज के खिलाफ जानलेवा हमले की रिपोर्ट दर्ज की गई है। सोमवार रात और मंगलवार को दिन में पुलिस ने चाइनीज मांझा की तलाश में अभियान चलाया लेकिन कहीं भी इसकी बरामदगी नहीं हो सकी। पुलिस ने कुछ पतंगबाजों को भी हिरासत में लेकर इसके बारे में पूछताछ की है। अब पुलिस ड्रोन से पतंगबाजों की निगरानी कर चाइनीज मांझा इस्तेमाल करने वालों पर कार्रवाई करेगी। प्रदेश के गन्ना राज्यमंत्री संजय गंगवार के भतीजे एवं पीलीभीत में ललौरीखेड़ा के ब्लॉक प्रमुख अजय सिंह गंगवार का बेटा 15 वर्षीय आदित्य वीर सिंह गंगवार सोमवार सुबह श्यामगंज पुल पर चाइनीज मांझा की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गए थे। गांधी उद्यान जाने के दौरान श्यामगंज फ्लाईओवर से उतरते समय साई मंदिर के सामने मांझा उनके गले में फंस गया। इससे उनकी गर्दन, होठ और कान घायल हो गया था। उन्हें विकास भवन के पास निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, पुलिस ने चाइनीज मांझा से पतंग उड़ाने वालों पर कार्रवाई के लिए ड्रोन से निगरानी की योजना बनाई है। पुलिस ड्रोन से पतंगबाजी के अड्डों की जानकारी कर मांझा की जांच करेगी। इस मामले में बारादरी थाने मे एसआई योगेश कुमार लोहकना की ओर से विक्रेता और पतंगबाज के खिलाफ जानलेवा हमले की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। धारदार हथियार की तरह मांझा ने आदित्य वीर सिंह को घायल कर जान का खतरा उत्पन्न कर दिया। ऐसे में इसकी बिक्री और इस्तेमाल करने वाले पर कार्रवाई आवश्यक है। बरेली में पतंग से घायल होने को लेकर पहली बार जानलेवा हमले की रिपोर्ट दर्ज की गई है।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *