मोहर्रम के जुलूस में नई परम्परा पर रोक, ताजियों की ऊंचाई 12 फीट तक ऊंचाई रखी जाए

बरेली। मोहर्रम को सकुशल सम्पन्न कराए जाने के विषय में सेंट्रल पीस कमेटी की बैठक जीआईसी ऑडिटोरियम में हुई। एसडीएम और सीओ को निर्देश दिए गए कि ताजियों की ऊंचाई व्यक्ति या वाहन के साथ 12 फीट तक ही होनी चाहिए। ड्रोन कैमरों के माध्यम से निगरानी के निर्देश दिए गए। बैठक में सभी थाना क्षेत्रों से आए नागरिकों से उनके क्षेत्र में मोहर्रम के जुलूस को लेकर समस्याओं के बारे में जानकारी ली गई। लोगों ने बिजली तारों के ढीले होने, रोड खराब, जलभराव, जुलूस के रास्तों में स्थापित अस्थायी डिवाडर आदि समस्याएं बताईं। इस पर डीएम ने सम्बंधित अधिकारियों को मोहर्रम से पूर्व कार्य करवाने के निर्देश दिये। डीएम ने निर्देश दिए कि मोहर्रम में कोई भी नई परम्परा न डाली जाए और ताजिये की ऊंचाई जमीन से लगाकर 12 फीट से अधिक नहीं होनी चाहिये। किशोरों-युवाओं को हिदायत दी जाए कि वे माहौल को खराब न करें। उन्होंने सम्बंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि फूल प्रूफ तैयारी रखें कि कोई ऐसी घटना न घटने पाए, जिससे प्रशासन व पुलिस की छवि खराब हो। निर्देश दिए गए कि बिजली के तार नीचे लटकते हुए नहीं होने चाहिए, जिससे ताजियों के सम्पर्क में आने पर दुर्घटना की सम्भावना से बचा जा सकें। इसके अतिरिक्त जुलूसों के रुटों पर यदि कहीं पेड़ की टहनी झुकी हैं व पेड़ टूट गया है तो समय रहते हटाने के निर्देश दिए गए। एसपी सिटी ने कहा कि ताजियों के साथ अलम (झंडे) भी होते हैं जो काफी ऊंचे हो सकते हैं। इस पर विशेष ध्यान रखें कि वो कहीं बिजली के तार आदि के सम्पर्क में न आएं। एसपी साउथ ने कहा कि सभी जुलूसों के निर्धारित मार्गों का पुलिस टीम दो घंटे पूर्व पहुंचकर निरीक्षण अवश्य करें। साथ ही ड्रोन कैमरों के माध्यम से भी निगरानी एवं निरीक्षण सुनिश्चित किया जाए, ताकि सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद बनी रहे।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *