मथुरा से बरेली आ रही रोडवेज बस का ड्राइवर भूला रास्ता, यात्रियों से अभद्रता

बरेली। परिवहन निगम के चालक की मनमानी के चलते मथुरा से आ रहे यात्रियों को कासगंज से बरेली तक दहशत में यात्रा करनी पड़ी। चालक रास्ता भूल गया तो सोरो से एक व्यक्ति को रास्ता दिखाने के लिए बुला लिया, वह भी गलत रास्ते पर ले जाने लगा। यात्रियों के शोर मचाने पर फिर बस को सोरो में लाया गया। आरोप है कि यात्रियों से अभद्रता भी की गई। यात्रियों ने उच्चाधिकारियों से इसकी शिकायत की है। एआरएम का कहना है कि मामले की जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी। शुक्रवार शाम रुहेलखंड डिपो की बस मथुरा से 25 यात्रियों को लेकर बरेली के लिए रवाना हुई थी। बस यात्रियों की ओर से परिवहन निगम के उच्चाधिकारियों से की गई शिकायत के अनुसार सोरो में बस चालक ने रास्ता बताने के लिए वहीं के एक लोकल व्यक्ति को बस में बैठा लिया। बस मुख्य मार्ग से हटकर ग्रामीण क्षेत्रों की ओर जाने लगी तो यात्रियों ने शोर मचाना शुरू कर दिया। कुछ देर बाद बस फिर सोरो आ गई और रास्ता दिखाने वाला व्यक्ति उतरकर चला गया। इस पर चालक से यात्रियों की कहासुनी होने लगी। आरोप है कि चालक-परिचालकों ने शिकायत करने वाले यात्रियों को धमकी भी दी। इसके बाद कुछ दूर आगे बढ़ने पर ढाबा पर बस को रोक दिया गया। यहां से बस चली तो चालक तेज रफ्तार से बस को भगाने लगा, कई जगह बस डिवाइडर से टकराने से बची। सोरो से लेकर बरेली तक यात्रियों को दहशत में यात्रा करनी पड़ी। उच्चाधिकारियों से की गई शिकायत में जांच कराकर कार्रवाई की मांग की गई है ताकि इस तरह की घटना की पुनरावृत्ति न होने पाए। इस संबंध में एआरएम रुहेलखंड अरुण कुमार वाजपेई का कहना है कि प्रकरण संज्ञान में नहीं है, फिर भी इसकी जांच कराएंगे। दोषी मिलने पर चालक-परिचालकों के विरुद्ध कार्रवाई भी की जाएगी।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *