बरेली। उपद्रव मे असलाह सप्लाई करने वाले सोमू खान उर्फ औसाफ, ठग आरके गोला समेत 56 अपराधियों की पुलिस ने हिस्ट्रीशीट खोल दी है। सभी अपराधियों की निगरानी अब बढ़ चुकी है। बिना पुलिस के संज्ञान में दिए ये आरोपित देश नहीं छोड़ पाएंगे। एसएसपी अनुराग आर्य ने बताया कि सभी अपराधियों की बी क्लास की हिस्ट्रीशीट खुली है। इसमें लूट, छिनैती, रंगदारी, धोखाधड़ी, हत्या, चोरी, गोकशी, अवैध शस्त्र, अवैध शराब, मादक पदार्थ के साथ ही अन्य गंभीर अपराधियों को शामिल किया गया है। पुलिस रिकार्ड के अनुसार, फरीदपुर में सर्वाधिक 13 अपराधियों की हिस्ट्रीशीट खोली गई, जबकि सीबीगंज, मीरगंज, इज्जतनगर और किला में पांच-पांच अपराधी चिह्नित किए गए है। इसके अलावा बहेड़ी और भुता में चार-चार, बारादरी में चार, सुभाषनगर में तीन, भोजीपुरा, कोतवाली व कैंट में दो-दो और शेरगढ़ व देवरनियां में एक-एक अपराधी की हिस्ट्रीशीट खोली गई है। बात अगर अपराध की प्रकृति की हो तो धोखाधड़ी, रंगदारी, मारपीट व चोरी के छह बदमाश, नकबजनी व लूट के नौ, गोकशी व पशु क्रूरता के नौ, हत्या व हत्या के प्रयास के साथ, लूट-हत्या व छिनैती के पांच, लूट-छिनैती के चार और मादक पदार्थ, जुआ, अवैध शस्त्र व अवैध शराब से जुड़े 16 अपराधियों को हिस्ट्रीशीटर बनाया गया है। एसएसपी ने सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए हैं कि इन अपराधियों की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जाए।।
बरेली से कपिल यादव
