भमोरा, बरेली। जनपद की थाना भमोरा क्षेत्र के गांव देवचरा मे शनिवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। घर में लगी मसाला चक्की के पट्टा की चपेट में आने से 15 वर्षीय आशीष उर्फ आधार मौर्य की मौत हो गई। परिजन उसे इलाज के लिए बरेली ले गए थे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। आशीष कक्षा आठ का छात्र था। उसके घर मे ही मसाला चक्की और सेलर है। शनिवार सुबह करीब दस बजे बिजली आने पर आशीष के बड़े भाई प्रशांत ने चक्की चालू की। ग्राहकों का मसाला पीसने के दौरान प्रशांत ने आशीष से चक्की का पट्टा बदलने को कहा। इसी दौरान आशीष अचानक चक्की के पट्टा की चपेट मे आ गया। वह गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उसे तत्काल बरेली के एक निजी अस्पताल ले गए। वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। किशोर की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मां विमला देवी, बड़े भाई प्रशांत और बहन किरन का रो-रोकर बुरा हाल है। इस दर्दनाक घटना से पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। आशीष परिवार मे सबसे छोटा होने के साथ-साथ सभी का बेहद लाड़ला था। वह कक्षा आठ का छात्र था। आशीष पढ़ाई मे भी काफी होनहार था। उसके निधन से घर में मातम पसरा हुआ है। परिवार की जीविका मुख्य रूप से घर पर लगी मसाला चक्की और सेलर पर निर्भर करती है। आशीष की बड़ी बहन किरन की शादी हो चुकी है। बड़ा भाई प्रशांत परिवार के कारोबार मे सहयोग करता है। आशीष की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।।
बरेली से कपिल यादव
